ब्रसेल्स: रूस और यूक्रेन में जोरदार लड़ाई के बीच अब नाटो गठबंधन में ही फूट पड़ती दिख रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने गुरुवार को नाटो सहयोगी देशों पर बड़ा तीखा हमला बोला और यूरोप में अमेरिकी सैन्य बलों की 6 महीने की पेंटागन समीक्षा की घोषणा की। हेगसेथ ने संकेत दिया कि यह इस बात पर निर्भर करेगी कि यूरोपीय देश अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी कितनी तेजी से स्वयं उठाते हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब रूस बहुत तेजी से नाटो देशों की सीमा पर हथियार और सैनिक तैनात कर रहा है। हाल ही में सैटलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ था कि रूस ने नाटो देशों की सीमा पर कई सैन्य अड्डे अपग्रेड किए हैं। हाल ही में रूस ने बेलारूस के साथ परमाणु अभ्यास किया है जो नाटो देश पोलैंड की सीमा से सटा देश है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ब्रसेल्स में अपने नाटो समकक्षों से कहा, ‘यह एक वास्तविक समीक्षा होगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि नाटो तेजी से और अपरिवर्तनीय रूप से उस दिशा में आगे बढ़े, जिसमें यूरोप नेतृत्व करे और यूरोप की रक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी स्वयं संभाले।’ हेगसेथ ने ईरान पर हमले करने के लिए यूरोप में अड्डों तक अमेरिकी बलों को पहुंच प्रदान नहीं करने के लिए यूरोपीय सहयोगियों की तीखी आलोचना की और इसे ‘शर्मनाक’ बताया।
You May Like









































