बालाघाट। खैरलांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोरगढ़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आंगन में खेल रही 2 वर्षीय मासूम बालिका पर एक लावारिस कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका तान्या पिता राजकुमार लिल्हारे को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भोरगढ़ निवासी राजकुमार लिल्हारे अपने परिवार के साथ खेती किसानी का कार्य करते हैं। उनके दो बच्चों में तान्या लिल्हारे 2 वर्ष सबसे छोटी है। 1 जून की दोपहर 1 बजे करीब जब परिवार के लोग घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान तान्या खेलते-खेलते घर के आंगन में पहुंच गई।उसी समय वहां घूम रहे एक लावारिस कुत्ते ने अचानक मासूम तान्या पर हमला कर दिया। कुत्ते ने तान्या के चेहरे पर हमला करते हुए उसके गाल और होंठ को बुरी तरह काट लिया। हमले के बाद तान्या जोर जोर से रोने और चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिजन तुरंत पहुंचे। लेकिन तब तक कुत्ता वहां से भाग चुका था।
घटना के बाद परिजनों ने बिना समय गंवाए घायल बच्ची तान्या को जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचे।जहां उसका उपचार किया जा रहा है।










































