इंदौर : रावजी बाजार क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव पानी की टंकी में मिलने से सनसनी फैल गई। शव बाहर निकालने पर उसकी पहचान घर में रहने वाले और पिछले सात दिनों से लापता व्यक्ति के रूप में हुई। स्वजन चारधाम यात्रा पर गए हुए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना जबरन कॉलोनी की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय पप्पू उर्फ ओम मालवीय के रूप में हुई है। पप्पू पेंटर का काम करता था और अपने भाई के साथ रहता था। उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी।
डिकंपोज होने लगा था शव
पप्पू का भाई कुछ दिन पहले ही चारधाम यात्रा पर गया था। रहवासियों ने बताया कि पप्पू को 25 जुलाई को आखिरी बार देखा गया था। पानी की टंकी से बदबू आने पर लोगों ने कहा कि फिनाइल डाल दो। बाद में शनिवार को पानी की टंकी से दुर्गंध आने पर लोगों ने अंदर झांककर देखा तो शव पानी में तैरता दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शव फूल चुका था। शव को बाहर निकालने के लिए टंकी पर लगी फर्शी हटाई गई। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।










































