एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट कांड में बड़ा खुलासा; अचानक 300 फीट नीचे गिरे विमान का कैप्टन ‘डोप टेस्ट’ में हुआ फेल

0
  • थाईलैंड के फुकेट से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान AI2379 में 4 अगस्त को हुए गंभीर टर्बुलेंस के मामले में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। टाइम्स नाउ के सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, दिल्ली में लैंडिंग के बाद जब विमान के पायलट-इन-कमांड की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई, तो वह डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है और दोनों पायलटों को तत्काल प्रभाव से उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है।
  • हवा में 300 फीट नीचे आया था प्लेन
  • 4 अगस्त को एअर इंडिया के एयरबस A320 विमान (Flight AI2379) ने 137 यात्रियों और 8 क्रू मेंबर्स को लेकर फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ीसा के हवाई क्षेत्र के पास पहुंचते ही विमान अचानक भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गया। कुछ ही सेकंड के भीतर प्लेन अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गिरा। झटके इतने तेज थे कि कई यात्री और क्रू मेंबर्स अपनी सीटों से उछलकर केबिन की छत से टकरा गए। हादसे में 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स घायल हो गए, जिन्हें दिल्ली में लैंडिंग के तुरंत बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की थी और विषम परिस्थितियों में बहादुरी दिखाने के लिए क्रू मेंबर्स की सराहना की थी। क्रू के दो सदस्यों को रीढ़ की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोटें आई थीं।
  • एअर इंडिया की सफाई: “रिपोर्ट्स अभी मिली नहीं”
  • पायलट के डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की खबरों पर एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा है कि “हमें जानकारी है कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उड़ान के बाद पायलटों की मेडिकल स्क्रीनिंग और टेस्ट किए गए थे। हालांकि, टेस्ट के आधिकारिक परिणाम अभी तक एअर इंडिया के साथ शेयर नहीं किए गए हैं, इसलिए हम नतीजों पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं। एअर इंडिया नागरिक उड्डयन नियमों के तहत क्रू मेंबर्स का नियमित ड्रग टेस्ट कराती है। हम जांच एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here