आलीशान बंगले, मखमली बिस्तर और एसी की ठंडी हवा में सोने वाले जिले के प्रशासनिक मुखिया अर्थात कलेक्टर की किसी दूरस्थ गांव में खटिया पर सोते हुए यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है, वायरल तस्वीर में दिखने वाले साहब एमपी के दतिया जिले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े हैं। ये अपनी कार्यशैली और सादगी के लिए लोगों के चहेते कहलाते हैं। वे किसी गांव में ‘विलेज स्टे’ के लिए पहुंचे थे, सुबह उनकी किसी ग्रामीण ने फोटो खींच ली, जो अब सोशल मीडिया पर ‘गुड गवर्नेंस’ का नया चेहरा बन गई है…
दतिया: मध्यप्रदेश में अधिकारियों की कार्यशैली अब बदलती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘गांवों में रात्रि विश्राम’ के सख्त निर्देशों का जमीन पर असर दिखने लगा है। ताजा मामला दतिया जिले का है, जहां कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एएसपी सूरज वर्मा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में जिले के दोनों बड़े अधिकारी किसी आलीशान बंगले के बजाय गांव में कुएं के किनारे खाट (खटिया) पर सोते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है वायरल फोटो में?
वायरल तस्वीर सुबह करीब 6 बजे की है, जिसमें कलेक्टर और एएसपी गांव में एक कुएं के पास खटिया (खाट) पर सोते हुए नजर आ रहे हैं। अधिकारियों का यह देसी और सादगी भरा अंदाज ग्रामीणों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स को भी खूब भा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गांव में रात बिताने का मकसद ग्रामीण जीवनशैली को समझना और योजनाओं का जमीनी फीडबैक लेना है।
आम आदमी की तरह भोजन, बच्चों को गोद में उठाया
दरअसल दतिया मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर बीकर गांव है। यहां शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात दोनों अधिकारियों कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और ASP सूरज वर्मा ने ग्रामीणों के बीच गुजारी। यह ठहराव केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवनशैली को समझने और लोगों की समस्याओं को ग्राउंड जीरो पर सुनने का प्रयास था। इसके पूर्व शाम से देर रात तक दोनों अधिकारी अपने प्रशासनिक अमले के साथ गांव में पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों के साथ भोजन किया। लोगों से सहजभाव से मिले, उनकी समस्याएं सुनी, अधिकारियों को समस्याएं सुलझाने के निर्देश दिए। कलेक्टर वानखेड़े यहां एक बच्चे को गोद में उठाए भी नजर आ रहे थे। रात को गांव में चौपाल लगाई थी। फिर देर रात खुले आसमान के नीचे, कूलर लगाकर खाट पर सो गए। अधिकारियों की सादगी ने हर किसी को प्रभावित किया है। किसी ग्रामीण ने इस सुकून भरे पल को कैमरे में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रहा है।










































