पारंपरिक नृत्य का हुआ भव्य प्रदर्शन, मंडई का ग्रामीणों ने लिया आनंद
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत घोटी में पहली मंडई के पावन अवसर पर गोवारी समाज द्वारा एक भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक आयोजन किया गया। बुधवार को आयोजित दिन-रात की मंडई के अवसर पर गोवारी समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी झांकियों के साथ पारंपरिक नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया। जिसने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
संस्कृति और एकजुटता का अनूठा संगम
घोटी में पांच दिवसीय दीपावली के अवसर पर बुधवार को दोपहर में आखर चौक में गाय खिलावन की रस्म अदा की गई। जिसके बाद पहली मंडई का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम की शुरूआत पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ हुई। पहली मंडई के इस खास मौके पर गोवारी समाज के सदस्यों-विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। ढोल-ताशों की थाप और पारंपरिक धुनों पर किये गये इस समूह नृत्य ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि समाज की समृध्द सांस्कृतिक विरासत, आपसी एकजुटता और विशिष्ट पहचान को भी बखूबी उजागर किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति को जीवित रखने और आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। घोटी ग्राम में आयोजित यह पहली मंडई अब क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व का रूप ले चुकी है, जो समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान को बढ़ावा दे रही है। वहीं गोवारी समाज के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये गये पारंपरिक नृत्य की हर तरफ सराहना की जा रही है।






































