उलानबतार: भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को मंगोलिया के दौरे पर पहुंचे हैं। जयशंकर ने मंगोलिया के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की है और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। उन्होंने मंगोलिया और भारत के बीच रिश्ते को ‘भाई-बहन’ जैसा बताया। इस बातचीत में मुख्य फोकस विशाल तेल रिफाइनरी पर था जिसे भारत की मदद से मंगोलिया में बनाया जा रहा है। मंगोलिया की विदेश मंत्री के साथ मुलाकात के बाद जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने क्षमता निर्माण, तकनीक, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग, सप्लाई चेन, रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बात की है। जयशंकर ने कहा कि मंगोलिया में बनाई जा रही तेल रिफाइनरी दोनों देशों के बीच भागीदारी के तहत सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।
जयशंकर ने बताया कि अंग्रेजी भाषा की पढ़ाई दोनों ही देशों के बीच बातचीत में एक प्रमुख मुद्दा रहा। मंगोलिया में बड़ी संख्या में बौद्ध धर्म को मानने वाले लोग रहते हैं जिसका जन्म भारत में हुआ था। मंगोलिया में ही गंदान बौद्ध मठ है जिसमें भारत भी मदद कर रहा है। भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान दोनों ही देशों में रणनीतिक भागीदारी को बढ़ाने पर बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि मंगोलिया की विदेश मंत्री के साथ बातचीत बहुत ही सकारात्मक और गर्मजोशी से भरी रही।










































