Suryakumar Yadav on Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानि बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम की कप्तान सूर्यकुमार यादव से छीनकर श्रेयस अय्यर को दी गई है। यहां तक कि सूर्यकुमार यादव टीम में अपनी जगह भी नहीं बचा पाए हैं। बीसीसीआई ने जो 15 सदस्यीय टीम चुनी है, उसमें दूर-दूर तक सूर्यकुमार यादव का नाम नहीं है। सूर्यकुमार यादव ने अपना आखिरी टी20 मैच 2026 का वर्ल्ड कप फाइनल खेला था। भारतीय टीम ने उनकी कप्तानी में इतिहास रचते हुए लगातार दूसरा वर्ल्ड कप अपने नाम किया था।
सूर्यकुमार यादव से छिन गई कप्तानी
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह शायद पहली बार होगा जब किसी कप्तान को वर्ल्डकप जिताने के बाद अपनी कप्तानी गंवानी पड़ी हो। यहां तक कि उन्हें टीम में अपनी जगह से भी हाथ धोना पड़ा। अब सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर नई भारतीय टीम के सेलेक्ट खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर दो स्टोरी डाली है। पहली स्टोरी में उन्होंने बीसीसीआई की वह तस्वीर शेयर की है, जिसमें टीम के सभी खिलाड़ियों का नाम है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘टीम इंडिया के कुशल खिलाड़ियों को मेरी बधाई और आने वाली चुनौतियों के लिए ऑल द बेस्ट’वैभव सूर्यवंशी के लिए सूर्यकुमार यादव ने क्या लिखा
सूर्यकुमार यादव ने इसके बाद एक और तस्वीर शेयर की। यह तस्वीर वैभव सूर्यवंशी की है। यह तस्वीर भी बीसीसीआई के पेज से ली गई है। जिसमें लिखा गया है कि ‘भारतीय टीम के अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी’। इस तस्वीर को शेयर करते हुए सूर्यकुमार यादव ने उन्हें भी बधाई दी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने लिखा, ‘तुमने खुद इसे कमाया है। तुम्हारी आगे की यात्रा देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं।’ गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी मात्र 15 साल 71 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले देश के सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगी। इसके बाद 1 से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा लेगी।










































