पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। शनिवार की शाम क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश से जहां एक ओर जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं ग्राम पंचायत मिरेगांव में एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मिरेगांव निवासी राजेंद्र गौतम के मकान की छत पर लगी सीमेंट की चादरें (शेड) तेज आंधी में उडक़र पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण पीडि़त मकान मालिक को हजारों रूपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिरेगांव निवासी राजेन्द्र गौतम मजदूरी कार्य करता है, जो मजदूरी कार्य से नागपुरा गया हुआ था, घर पर उनकी पत्नि एवं बच्चें थे। शनिवार को शाम में अचानक मौसम परिवर्तन होने के बाद तेज आंधी-तूफान चली। इस दौरान आंधी का वेग इतना तेज था कि देखते ही देखते पूरे मकान की छत पर लगी सीमेंट की चादरें हवा में उड़ गई। छत गायब होने के कारण बाद में हुई मूसलाधार बारिश से घर के अंदर रखा राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री भीग गये। इस आंधी-तूफान से मकान मालिक को हजारों रूपये का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि यह घटना दिन (शाम) के समय घटित हुई। तेज हवाएं चलते ही घर के सदस्य तुरंत सुरक्षित स्थानों पर बाहर निकल आये। अगर यही आंधी-तूफान देर रात आया होता, जब पूरा परिवार घर के अंदर सो रहते तो सीमेंट की भारी चादरें गिरने से कोई बड़ा और गंभीर हादसा घटित हो सकता था। सही समय पर सूझबूझ से एक बड़ी जनहानि टल गई। वहीं पीडि़त मकान मालिक को अब तक पीएम आवास योजना का लाभ नही मिला है जिस वजह से वह मजबूरी में कच्चे मकान में सीमेन्ट की चादर (शेड) लगाकर निवास कर रहा है। जबकि कई बार उन्होने सरपंच-सचिव से पीएम आवास का लाभ दिलवाने की गुहार लगा चुके है लेकिन उनकी मांगे पुरी नही हो पा रहा है। वहीं पीडि़त राजेंद्र गौतम ने बताया कि वह मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अब तक पक्का मकान नहीं बना पाया है और उसे शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है। विवश होकर वह कच्चे मकान पर सीमेंट की चादरें डालकर रह रहा था, जो उडक़र क्षतिग्रस्त हो गया है। शासन-प्रशासन से मांग है कि इस नुकसान का उचित मुआवजा और प्राथमिकता के आधार पर पीएम आवास योजना का लाभ दिलवाये ताकि पक्के मकान का निर्माण कर सके।










































