किरनापुर थाना पुलिस पर ग्राम टिमकीटोला निवासी दंपती को कथित रूप से अवैधानिक तरीके से हिरासत में लेकर थाने लाने और उनके साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला मरार माली समाज में आक्रोश देखने को मिल रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।
समाज की ओर से दिए गए ज्ञापन में ग्राम टिमकीटोला, तहसील किरनापुर निवासी कैलाश चौधरी द्वारा 7 सितंबर को दिए गए आवेदन का हवाला दिया गया है। आवेदन के अनुसार किरनापुर थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा कैलाश चौधरी और उनकी पत्नी को कथित तौर पर हिरासत में लेकर थाने लाया गया। आरोप है कि थाने के बंद कमरे में उनके साथ मारपीट की गई और अमानवीय व्यवहार किया गया। मामला सामने आने के बाद समाज ने पुलिस विभाग द्वारा जांच के लिए गठित एसआईटी की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं। समाज प्रतिनिधियों का कहना है कि जब आरोप सीधे किरनापुर थाना पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों पर लगाए गए हैं, ऐसे में उसी विभाग के अधिकारियों से जांच कराए जाने पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। समाज पदाधिकारियों मीरा राधेश्याम सिंगनधुपे, राम भाऊ पंचेश्वर और राधेश्याम सिंगनधुपे ने कहा कि मामले की जांच ऐसी एजेंसी या अधिकारी से कराई जानी चाहिए, जिसका इस प्रकरण से कोई प्रत्यक्ष संबंध न हो। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र, न्यायिक, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ संवैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाज ने पुलिस अधीक्षक से यह भी मांग की है कि जांच की प्रक्रिया और उसके निष्कर्ष को सार्वजनिक किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार के साथ न्याय होने का भरोसा कायम हो सके। प्रतिनिधियों का कहना है कि घटना की जानकारी समाज के लोगों तक पहुंचने के बाद से लोगों में गहरा आक्रोश है और यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो स्थिति आंदोलन तक पहुंच सकती है। समाज प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला और जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं कराई गई तो जिला मरार माली समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। इसके साथ ही समाज न्यायिक जांच की मांग को लेकर आगे की रणनीति भी तय करेगा।










































