पदमेश न्यूज़।लांजी। सावन माह में भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करने की आस्था के साथ लांजी नगर में रविवार को विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। लगातार 16वें वर्ष आयोजित की जा रही इस कावड़ यात्रा का शुभारंभ नगर के जय हिंद टॉकीज के समीप स्थित गणेश मंदिर से हुआ। ललित मानकर के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कावड़ लेकर शामिल हुए।सुबह से ही गणेश मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कावड़ यात्रियों ने भगवान शिव के जयकारों के साथ दादा कोटेश्वर धाम के लिए पैदल प्रस्थान किया। यात्रा में लांजी नगर मुख्यालय के विभिन्न वार्डों के श्रद्धालुओं के साथ-साथ बुद्ध, भरवेली सहित आसपास के अन्य ग्रामों से भी बड़ी संख्या में कावड़िए शामिल हुए।
16 वर्षों से जारी है कावड़ यात्रा की परंपरा
आयोजकों के अनुसार दादा कोटेश्वर धाम तक कावड़ लेकर पैदल पहुंचने की यह धार्मिक परंपरा लगातार 16 वर्षों से निभाई जा रही है। हर वर्ष सावन माह में श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए कावड़ में जल लेकर धाम तक पहुंचते हैं और वहां बाबा को जल अर्पित करते हैं।
भोलेनाथ के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
गणेश मंदिर से यात्रा प्रारंभ होने के बाद मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। हाथों में कावड़ और मुख पर ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ श्रद्धालु पैदल दादा कोटेश्वर धाम की ओर रवाना हुए। पूरी यात्रा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु दादा कोटेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। सावन के पावन अवसर पर आयोजित इस यात्रा ने नगर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना दिया।
00000000000000000000000000000000










































