दिवाली पर भी नहीं हुई स्मार्टफोन की बिक्री, कीमत बनी वजह, सेल में 20% की गिरावट

0

भारत में दिवाली के दौरान ऑफलाइन स्मार्टफोन बिक्री में 18-20% की गिरावट आई। Realme की बिक्री 50% से ज्यादा घटी, जबकि Apple और Motorola का प्रदर्शन बेहतर रहा।

इस साल दिवाली के दौरान स्मार्टफोन बाजार को उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं मिल पाई। त्योहार पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद लगाए बैठे मोबाइल दुकानदारों को निराशा हाथ लगी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के ऑफलाइन स्मार्टफोन बाजार में दिवाली के दौरान बिक्री में सालाना आधार पर 18 से 20 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई। हैरानी की बात यह है कि मोबाइल दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही, लेकिन दुकानों तक पहुंचने वाले कई ग्राहक बिना फोन खरीदे ही लौट गए।

दिवाली पर 20% तक कम बिके स्मार्टफोन

मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) की दिवाली रिटेल परफॉर्मेंस रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। धनतेरस से लेकर दिवाली के अगले दिन तक चार दिनों में दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही, लेकिन बिक्री के आंकड़े कमजोर रहे। इससे पहले वाले सप्ताह में स्थिति और खराब थी। उस दौरान स्मार्टफोन की बिक्री में करीब 40 फीसदी की गिरावट आई थी। दरअसल, ग्राहक दिवाली के दौरान मिलने वाले बड़े डिस्काउंट और ऑफर्स का इंतजार कर रहे थे।

30 से 60 हजार रुपये वाले फोन की ज्यादा मांग

रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली के दौरान सबसे ज्यादा खरीदारी 30,000 से 60,000 रुपये के प्राइस सेगमेंट में हुई। इसके बाद प्रीमियम स्मार्टफोन की मांग रही। Apple और Motorola जैसे ब्रांड्स का प्रदर्शन बेहतर बताया गया। खासकर iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 जैसे पुराने मॉडल की मांग बनी रही। हालांकि, इनकी बिक्री उन दुकानों पर ज्यादा हुई, जहां कीमतों में बढ़ोतरी से पहले खरीदा गया स्टॉक उपलब्ध था।

Realme की बिक्री में 50% से ज्यादा गिरावट

दिवाली के दौरान Realme को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग बाजारों में कंपनी की बिक्री 50 फीसदी से ज्यादा गिर गई। इसकी वजह प्रतिस्पर्धी ब्रांड्स के मुकाबले ज्यादा कीमत, त्योहार के दौरान नए फोन लॉन्च नहीं होना और ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर्स की कमी बताई गई है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों का अंतर बना परेशानी

Samsung को भी पारंपरिक रिटेल दुकानों के जरिए बिक्री का लक्ष्य पूरा करने में मुश्किल हुई। AIMRA के मुताबिक, Galaxy S25, Galaxy S25 Ultra और Galaxy Z Fold 8 जैसे फोन की ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों में काफी अंतर देखने को मिला। इसका असर कंपनी के एक्सक्लूसिव स्टोर्स पर भी पड़ा।

वहीं, 15,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन बेचने वाले छोटे दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई ग्राहक फोन खरीदे बिना लौट गए या पुराने और रिफर्बिश्ड फोन की तरफ चले गए।

दूसरी ओर, बड़े रिटेल स्टोर्स ने पहले से खरीदे गए सस्ते स्टॉक और 12 से 15 फीसदी तक के डिस्काउंट के दम पर बेहतर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट से साफ है कि ग्राहकों की दिलचस्पी बनी हुई है, लेकिन बढ़ती कीमतें और ऑनलाइन-ऑफलाइन ऑफर्स का अंतर स्मार्टफोन बिक्री पर भारी पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here