पीछे से आई तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने साइकिल को मारी टक्कर: साइकिल सवार

0

गंभीर- आंख बाहर निकली और पैर हुआ फेक्चर
फर्नीचर का काम कर घर लौट रहे 55 वर्षीय सालिकराम सड़क पर तड़पते मिले
हालत गंभीर:हायर सेंटर रेफर
बालाघाट। शहर से अपने गांव लौट रहे एक 55 वर्षीय साइकिल सवार के लिए बुधवार की शाम जिंदगी की सबसे दर्दनाक शाम बन गई। गोंदिया रोड पर नवेगांव हुंडई एजेंसी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आई मोटरसाइकिल ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी दाहिनी आंख बाहर निकल गई।जबकि दाहिने पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति सालिकराम पिता मायाराम उपवंशी 55 वर्ष ग्राम खुरसोडी थाना ग्रामीण नवेगांव बालाघाट निवासी है।जिसे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार कोमल पिता नकुल कोलते 25 खुरसोडी निवासी भी घायल हुआ है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया गया की घटना के दौरान यह युवक शराब के नशे में था।

रोज साइकिल से आता था बालाघाट, बुधवार को हादसे ने बदल दी जिंदगी
बताया गया है कि सालिकराम खेती-किसानी के साथ फर्नीचर का काम भी करते हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। दोनों बेटे अलग-अलग रहते हैं। जबकि सालिकराम अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते हैं। फर्नीचर के काम के सिलसिले में वे प्रतिदिन साइकिल से बालाघाट आते-जाते हैं।बुधवार 7 अक्टूबर को भी सालिकराम रोज की तरह सुबह साइकिल से बालाघाट आए थे। दिनभर फर्नीचर का काम करने के बाद शाम करीब 7:30 बजे वे साइकिल से अपने गांव खुरसोडी के लिए रवाना हुए। उन्हें क्या पता था कि घर पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले ही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल उनकी जिंदगी को गंभीर संकट में डाल देगी।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर
सालिकराम गोंदिया रोड पर नवेगांव हुंडई एजेंसी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सालिकराम साइकिल समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। दाहिनी आंख बाहर निकलने और पैर बुरी तरह टूटने से उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई। वहीं मोटरसाइकिल सवार कोमल कोलते भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बताया गया है कि यह युवक घटना के दौरान शराब के नशे में था। उसे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया। चिकित्सकों ने सालिकराम का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों मोटरसाइकिल की रफ्तार और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here