फरवरी में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 11% बढ़ी:मारुति सुजुकी ने बेचीं सबसे ज्यादा 1.02 लाख गाड़ियां, टू-व्हीलर की बिक्री में भी 8% की ग्रोथ

0

फरवरी-2023 में देश में ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों ने करीब 2.92 लाख पैसेंजर व्हीकल्स की थोक बिक्री की। ये फरवरी महीने की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (SIAM) ने शुक्रवार को फरवरी-2023 की सेल्स रिपोर्ट जारी की है।

SIAM के अधिकारियों के अनुसार फरवरी में कार और यूटिलिटी वाहनों की बढ़ती मांग टोटल पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री बढ़ी है। रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले महीने ऑटोमोबाइल कंपनियों ने डीलरों को 2,91,928 वाहनों की डिलीवरी की थी। ये फरवरी-2022 में डिलीवर की गई 2,62,984 गाड़ियों से 11% ज्यादा है। वहीं टू-व्हीलर की बिक्री में भी 8% की ग्रोथ हुई है।

एसयूवी की डिमांड बढ़ी
वहीं पैसेंजर व्हीकल की बिक्री फरवरी-2023 में बढ़कर 1,42,201 यूनिट की रही। एक साल पहले इसी महीने में 1,33,572 गाड़ियां बिकी थीं। इसी तरह स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल्स (SUV) सहित यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री पिछले महीने 1,20,122 यूनिट्स से बढ़कर 1,38,238 यूनिट्स हो गई है।

मारुति ने सबसे ज्यादा गाड़ियां बेचीं
मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) ने फरवरी-2023 में डीलरों को 1,02,565 गाड़ियों की डिलीवरी की। ये फरवरी-2022 के 99,398 गाड़ियों की तुलना में 3 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं हुंडई (HMI) ने फरवरी-2023 महीने 24,493 गाड़ियां बेचीं। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 21,501 गाड़ियां बेची थीं।

टू-व्हीलर और थ्री व्हीलर व्हीकल्स की बिक्री भी बढ़ी
इसी तरह टू-व्हीलर की बिक्री भी फरवरी-2023 में 8% बढ़कर 11,29,661 यूनिट्स रही। पिछले साल इसी महीने में 10,50,079 टू-व्हीलर बिके थे। फरवरी-2023 में बाइक की बिक्री भी पिछले साल इसी महीने की 6,58,009 यूनिट की बिक्री से बढ़कर 7,03,261 यूनिट पर पहुंच गई है। इसी तरह स्कूटर की बिक्री 3,56,222 यूनिट से बढ़कर 3,91,054 यूनिट हो गई है। थ्री व्हीलर की बिक्री 86 प्रतिशत बढ़कर 50,382 यूनिट हो गई है।

मार्केट में पॉजीटिव सेंटीमेंट के कारण गाड़ियों की डिमांड बढ़ी
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि ये फरवरी में पैसेंजर व्हीकल की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि बाजार में पॉजीटिव सेंटीमेंट बनी हुई है। ये उपभोक्ताओं के लिए आम बजट (2022-23) में उत्साहजनक घोषणाओं से भी प्रेरित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here