ई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स नेताओं को दिए रात्रि भोज में शामिल नहीं हुए। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के नेताओं, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के लिए डिनर का आयोजन किया था। हालांकि, इसमें चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग ने हिस्सा नहीं लिया। वहीं अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद भी रात्रिभोज में शामिल नहीं हुए। वह दिन में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद स्वदेश रवाना हो गए थे।
पीएम मोदी से द्विपक्षीय वार्ता के बाद होटल लौट गए थे जिनपिंग
चीन के राष्ट्रपति के रात्रिभोज में शामिल नहीं होने का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। हालांकि, एक सूत्र ने बताया कि शी जिनपिंग आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे। चीन के राष्ट्रपति शनिवार दोपहर ही नई दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ ही पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने रात्रिभोज में हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री और राज्यों के सीएम हुए डिनर में शामिल
केंद्रीय मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस रात्रिभोज में हिस्सा लिया। अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, शिवराज सिंह चौहान, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रिजिजू समेत केंद्रीय मंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संसद भवन परिसर से दो बसों में एक साथ रात्रिभोज स्थल के लिए रवाना हुए।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी रहे मौजूद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री- उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी, असम के हिमंत विश्व शर्मा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी केंद्रीय मंत्रियों के साथ बसों में सवार होकर रात्रिभोज के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’ पहुंचे।










































