इंदौर,Indore Crime News। साहिल नगर मूसाखेड़ी में रहने वाले 25 वर्षीय योगेश पुत्र प्रेम मीणा ने स्कीम नंबर-114 राजीव आवास विहार के निलेश जायसवाल के खिलाफ मारपीट की शिकायत की।
पुलिस के मुताबिक योगेश ने बताया कि वह और आरोपित भी ऑटो चालक है। दोनों गीता भवन बस स्टैंड के सामने दो खड़े थे, तभी यात्री बैठाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आसपास भीड़ लग गई। योगेश की निलेश ने पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यहां आए दिन सवारी बैठाने की बात पर झगड़े होते हैं। इसके बाद से पुलिस ने यहां एक आरक्षक की ड्यूटी लगाई है। साथ ही रात्रि गश्त के दौरान भी लगातार यहां इस तरह की गतिविधि की जांच की जाएगी।
युवक पर चाकू से हमला
एमआइजी थाना क्षेत्र में बुधवार रात युवक को एक ऑटो चालक चाकू मारकर भाग निकला। पुलिस के मुताबिक घायल श्रद्धा कॉलोनी के कृष्णकांत पुत्र नरेन्द्र अपने दोस्त से मिलने गया था। तभी एक ऑटो चालक ने उस पर चाकू से हमला किया और भाग गया। परिचित शाहबाज ने बताया कि कृष्णकांत और उसका एक साथी लिंक रोड पर बैठे थे। तभी उस पर हमला हुआ। हमलावर एक ऑटो चालक बताया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
जबरदस्ती घर में आकर बैठा, केस दर्ज
आलोक नगर में रहने वाले 57 वर्षीय वीरेन्द्र पुत्र मंगल सिंह ने अपोलो सिटी निपानिया के राजेन्द्र अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज कराया है। कनाड़िया थाना पुलिस के मुताबिक वीरेन्द्र ने बताया कि आरोपित बुधवार को जबरदस्ती घर के अंदर आकर बैठ गया। पूछने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को शिकायत की।