रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे जापान, चौथे 2+2 संवाद में करेंगे शिरकत, ड्रैगन की बढ़ेगी चिंता!

0

दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों, अत्याधुनिक सैन्य तकनीक के सह-विकास, समुद्री सुरक्षा और तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त युद्ध अभ्यासों का दायरा और जटिलता बढ़ाने पर गंभीर चर्चा होगी।

Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जापान की राजधानी टोक्यो पहुंच चुके हैं। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों और बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के बीच दोनों भारतीय दिग्गजों का यह दौरा कूटनीतिक और सामरिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस यात्रा के दौरान दोनों नेता चौथे भारत-जापान 2+2 मंत्रिस्तरीय संवाद (India-Japan 2+2 Dialogue) में हिस्सा लेंगे, जिसका सीधा उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना, समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना और एक स्वतंत्र व खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के साझा विजन को आगे बढ़ाना है।

इस महत्वपूर्ण बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने जापानी समकक्षों—रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी (Shinjiro Koizumi) और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी (Toshimitsu Motegi) के साथ करेंगे। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र (Indo-Pacific) के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है।

रक्षा और तकनीकी सहयोग

दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों, अत्याधुनिक सैन्य तकनीक के सह-विकास, समुद्री सुरक्षा और तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त युद्ध अभ्यासों का दायरा और जटिलता बढ़ाने पर गंभीर चर्चा होगी। भारत और जापान की रक्षा कंपनियों के बीच इंडस्ट्रियल सिनर्जी और आपसी साझेदारी को नई ऊंचाइयां देने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

रणनीतिक रूप से क्यों है यह दौरा खास?

साल 2026 में दोनों रक्षा मंत्रियों की यह तीसरी उच्चस्तरीय मुलाकात है। इससे पहले अगस्त में नई दिल्ली में और अक्टूबर में आसियान (ASEAN) बैठकों के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर सहमति बनी थी। वैश्विक तनाव के इस दौर में भारत और जापान का यह ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप’ एशियाई कूटनीति में सुरक्षा संतुलन बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

रवानगी से पहले राजनाथ सिंह का बयान

मंगलवार को टोक्यो के लिए रवाना होने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘X’ पर लिखा- “आज मैं भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की बैठक (2+2) में भाग लेने के लिए टोक्यो रवाना हो रहा हूं। अपनी यात्रा के दौरान, मैं जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी के साथ एक द्विपक्षीय बैठक भी करूंगा। भारत और जापान आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित इंडो-पैसिफिक के लिए एक साझा दृष्टिकोण रखते हैं, और दोनों देशों ने एक ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ का निर्माण किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस यात्रा के दौरान, मैं रक्षा और सुरक्षा सहयोग में हो रही निरंतर प्रगति की समीक्षा करूंगा और तकनीक, समुद्री सुरक्षा तथा क्षेत्रीय स्थिरता पर सहयोग को और गहरा करने के नए अवसरों की तलाश करूंगा। मैं सार्थक चर्चाओं के माध्यम से हमारे दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता को और मजबूत करने के लिए तत्पर हूं। मैं कल शिंजिरो कोइजुमी से मिलने के लिए उत्सुक हूं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here