लांजी-बकरामुंडी मार्ग पर भीषण हादसा, दो परिवारों में पसरा मातम

0

स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में स्टॉफ नर्स और युवक की दर्दनाक मौत, 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल
ड्यूटी पर जा रही थी महिला स्वास्थ्यकर्मी, हादसे ने छीन ली दो जिंदगियां
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।लांजी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लांजी-बकरामुंडी मार्ग पर बकरामुंडी गांव से आगे तालाब के समीप स्कूटी और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में एक महिला स्टॉफ नर्स और मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती कराया गया है।जहां उसका उपचार जारी है।उधर हादसे में दो लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे दोनों परिवारों के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

ड्यूटी पर जा रही थी स्टॉफ नर्स,बना आखरी सफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच यह हादसा हुआ।बताया गया कि लांजी के बिसोनी निवासी कल्पना पति रतनलाल बोरकर (50) नंदोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टॉफ नर्स के पद पर पदस्थ थीं। गुरुवार सुबह वह अपने गांव बिसोनी से ड्यूटी के लिए नंदोरा जा रही थीं। रोजमर्रा की तरह अपने कार्यस्थल पहुंचने के लिए निकलीं कल्पना को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में एक हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।इसी दौरान दूसरी ओर से राकेश मर्सकोले (25) निवासी बकरामुंडी अपने 14 वर्षीय छोटे भाई अर्जुन के साथ मोटरसाइकिल से नंदोरा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। दोनों दुपहिया वाहन जब बकरामुंडी से आगे तालाब के समीप पहुंचे, तभी उनके बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सवार उछलकर सड़क के किनारे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने तोड़ा दम, महिला की भी नहीं बच सकी जान
उधर हादसे की सूचना मिलते ही मदद के लिए एंबुलेंस पहुंची और घायल महिला कल्पना बोरकर तथा बालक अर्जुन को तत्काल सिविल अस्पताल लांजी पहुंचाया गया। वहीं मोटरसाइकिल सवार युवक राकेश मर्सकोले को पुलिस अपने वाहन से अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में घायल अर्जुन का सिविल अस्पताल लांजी में उपचार जारी है।

अस्पताल में गूंजती रहीं परिजनों की चीखें
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में अपनों को खोने का गम परिजनों के आंसुओं और चीख-पुकार के रूप में सामने आया। एक ओर ड्यूटी पर जा रही महिला स्वास्थ्यकर्मी की असमय मौत ने लोगों को झकझोर दिया, वहीं दूसरी ओर जवान बेटे को खोने से परिवार सदमे में है। घायल बालक के उपचार को लेकर भी परिजन चिंतित नजर आए।

जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में लांजी पुलिस ने बताया कि स्कूटी और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर होने से यह हादसा हुआ है। दोनों मृतकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here