पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत वारा के वाराटोला में १५ नवंबर को भारतीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं मुंडा जनजाति के लोकनायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की १५१ वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा और सतरंगी ध्वज के ध्वजारोहण के साथ हुई। जयंती के अवसर पर ग्राम के माता मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के बाद यह यात्रा गांव के विभिन्न चौक चौराहों से होते हुए बालाघाट रोड़ स्थित बिरसा मुंडा परिसर पहुँची जहाँ इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के दौरान भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बिरसा मुंडा परिसर में पहुँचने पर पारंपरिक जानकारों भूमका द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और बड़ा देव की विशेष पूजा अर्चना कराई गई। इसके साथ ही सतरंगी ध्वज फ हराया गया और प्रकृति की वंदना कर महापुरुषों के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किया गया पारंपरिक सामूहिक नृत्य उपस्थित लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। समाज के बच्चों,युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने महापुरुषों के गीतों और पारंपरिक आदिवासी लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य किया। इस अनूठे नृत्य को देखने के लिए बालाघाट रोड़ से गुजर रहे राहगीरों ने भी अपने वाहन रोककर आनंद लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि उनका जन्म १५ नवंबर १८७५ को हुआ था और उन्होंने ब्रिटिश राज के खिलाफ १९ वीं सदी के अंत में झारखंड क्षेत्र में आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया था। आज भी बिहार, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में उन्हें भगवान की तरह पूजा जाता है। ९ जून १९०० को रांची जेल में उनका प्राणांत हुआ लेकिन वे इतिहास में अमर हो गए। इस अवसर पर गणेश कुमरे ,राजा अली ,प्रणय धार्मिक ,अनूर उइके, मानसिंह परते ,यशवंत पूसाम सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।
0000000000000000000000








































