हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। श्रावण मास के पावन अवसर पर नगर के वार्ड क्रमांक ४ स्थित शिव मंदिर से लांजी स्थित प्रसिद्ध दादा कोटेश्वर धाम के लिए एक विशाल कांवड़ पदयात्रा का आयोजन किया गया। १५ अगस्त को प्रारंभ हुई यह पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई लांजी दादा कोटेश्वर धाम के लिए रवाना हुई। जहाँ तीसरे श्रावण सोमवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। कांवड़ यात्रा का शुभारंभ वार्ड नंबर ४ स्थित शिव मंदिर से पूजार्चन के साथ हुआ। तत्पश्चात भगवा ध्वज लिए कांवडिय़ों का जत्था बम बम भोले और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ नगर भ्रमण पर निकला। यात्रा बालाघाट रोड़ से होते हुए दीनदयाल चौक, बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, नेहरू चौक, अंाबेडकर चौक और गोलीबारी चौक सहित नगर की प्रमुख गलियों एवं चौराहों से गुजरी। मार्ग में स्थान पर नगरवासियों और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कांवडिय़ों का जोरदार स्वागत किया गया। इस विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन मिनी ट्रांसपोर्ट यूनियन चालक पालक संघ वारासिवनी के द्वारा किया गया है। यात्रा में क्षेत्रीय विधायक विवेक पटेल ने शामिल होकर सुख समृद्धि की कामना की। १५ अगस्त से शुरू हुई यह ३ दिवसीय कांवड़ पदयात्रा १७ अगस्त तीसरे श्रावण सोमवार को लांजी दादा कोटेश्वर धाम पहुँचेगी। वहाँ वारासिवनी से ले जाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।










































