वैभव सूर्यवंशी को आउट करने और IPL की पिचों पर जोफ्रा आर्चर ने दिया बड़ा बयान

0

IND vs ENG: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का मानना है कि भारत में आईपीएल के दौरान आसान विकेट पर खेलने के बाद इंग्लैंड की परिस्थितियों में गेंदबाजी करना सामान्य स्थिति में वापसी करना है। आर्चर ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 29 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज जोश टंग ने 38 रन देकर चार विकेट हासिल किये। उनके इस शानदार प्रदर्शन से 202 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम 76 रन पर आउट हो गई।

आईपीएल में कई भारतीय बल्लेबाजों का सामना करने के बाद, जब आर्चर से पूछा गया कि गेंदबाजी करते समय उनकी योजनाओं में कितना बदलाव आता है, तो उन्होंने मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है कि यहां सब कुछ सामान्य हो गया है।” उन्होंने कहा, “यहां आप अच्छी लेंथ पर सीधी गेंद फेंकने की कोशिश करते हैं। जबकि वहां, विकेट आसान होने और बाउंड्री छोटी होने के कारण बहुत सावधानी बरतनी पड़ती है।”

आर्चर ने कहा, “आईपीएल में कभी-कभी 200 रन भी सुरक्षित नहीं होते। लेकिन यहां 200 रन का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं है। मुझे खुशी है कि सभी ने अच्छा योगदान दिया। हमारे प्रत्येक गेंदबाज ने अच्छा प्रदर्शन किया।” भारतीय बल्लेबाजों को ब्रिटेन की परिस्थितियां कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण लगी हैं। भारत आयरलैंड से दोनों मैच हार गया था और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला में भी वह पीछे चल रहा है।

आर्चर ने कहा, “मुझे लगता है कि हम दोनों ने मैनचेस्टर में काफी अच्छी गेंदबाजी की। हममें से किसी को भी वहां विकेट नहीं मिले, इसलिए हमें खुशी है कि आज हमें कुछ तो मिला।” भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ अपने मुकाबले के बारे में आर्चर ने कहा, “मुझे लगता है कि अभी तक मुकाबला बराबरी पर है। अभी दो मैच बचे हुए हैं और नतीजा कुछ भी हो सकता है। जो भी अच्छा प्रदर्शन करेगा वह जीतेगा।” सूर्यवंशी ने पिछले मैच में आर्चर की पहली गेंद पर छक्का लगाया था लेकिन इस मैच में उन्होंने बाउंसर पर इस भारतीय बल्लेबाज को आउट कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here