पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद लालबर्रा के तत्वाधान में ९ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया जायेगा। विश्व आदिवासी दिवस के एक दिन पूर्व ८ अगस्त को शहीद बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन परिसर में पाहंदी पारी कोपार लिंगो की प्रतिमा पूरे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ स्थापित की गई। उल्लेखनीय है कि पाहंदी पारी कोपार लिंगो को गोंड आदिवासी समाज में सर्वोच्च गुरू का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने ही समाज व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए गोंड आदिवासी समाज के ७५० गोत्रों व उपनामों (जैसे पंद्रे, उइके आदि) का विभाजन कर देव व्यवस्था की स्थापना की थी। प्रतिमा स्थापना के उपरांत उपस्थित समाज जनों ने उन्हें नमन कर आशीर्वाद लिया। पाहंदी पारी कोपार लिंगो आदिवासी समाज के लोगों के गुरू है। साथ ही ९ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया जायेगा। जिसमें प्रात: ८ बजे शहीद बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन में बड़ादेव का पूजन-अर्चन की जायेगी तत्पश्चात प्रात: १० बजे भव्य सामाजिक जागरूकता रैली निकाली जायेगी, प्रात: ११ बजे डॉ. बी.आर. अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, भगवान बिरसा मुंडा, छत्रपति शिवाजी महाराज एवं भूरा भगत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जायेगा। जिसके बाद दोपहर १२ बजे से मंचीय समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया जायेगा।
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों का होगा सम्मान
विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र २०२५-२६ में कक्षा १० वीं एवं १२ वीं की परीक्षा में ७५ प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी मंच से पुरस्कृत कर सम्मानित किया जायेगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित अतिथियों द्वारा समाज को संबोधित करते हुए संगठित रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा महापुरूषों के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक उन्नति के लिए कार्य करने का संदेश दिया जायेगा।










































