लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरानिया में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में कई स्टूडेंट्स की मौत और कई अन्य के घायल होने की घटना ने देश भर के लोगों का दिल दहला दिया है। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर इस हृदयविदारक, दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर दुख जताया है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके लिए शोक जताते हुए एक्टर ने दर्द बयां किया है।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक 3 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिल तक लपटें धू-धू करके जलने लगी। हालांकि, दमकल की टीम मौके पर पहुंची। वहां फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें कई जिंदगियों को नहीं बचाया जा सका। सोनू सूद ने ‘एक्स’ पर इस घटना को लेकर अपना दुख जताया है।सोनू सूद बोले- लखनऊ अग्निकांड से मेरा दिल टूट गया
उन्होंने लिखा, ‘क्लासरूम वो हैं जहां सपने बुने जाते हैं, न कि वो बच्चों की जिंदगी का अंतिम पड़ाव बनना चाहिए। लखनऊ अग्निकांड से मेरा दिल टूट गया है। कितनी ही नन्ही जिंदगियां, कितने ही सपने। भविष्य के अधिकारी, कलाकार, नेता और बदलाव लाने वाले, जिनकी जर्नी शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं और उन सभी के साथ हैं जो इस सदमे से उबरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम इन बच्चों के प्रति अपने आंसुओं से कहीं अधिक ऋणी हैं। हम उन्हें सुरक्षित स्थान और मजबूत सुरक्षा उपाय प्रदान करने के लिए ऋणी हैं ताकि ऐसी त्रासदी दोबारा कभी न हो।’










































