‘हम बोलकर जा रहे हैं, टिकट दे देना नहीं तो हरवा देंगे’, जयवर्धन सिंह को चेताते दिखे कांग्रेस के पूर्व विधायक, पुराना वीडियो आया सामने

0

Khandwa News: खंडवा में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को चेता रहे हैं। राजनारायण सिंह कह रहे हैं कि इस बार हमारा टिकट फाइनल करवा देना नहीं तो कांग्रेस को चुनाव हरवा देंगे।

खंडवा: कांग्रेस हमेशा अंदरुनी कलह से जूझती रही है। पार्टी को नुकसान विरोधियों से ज्यादा अपनों की वजह से होता है। खंडवा दौरे पर गए पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को एक पूर्व विधायक ने अभी से चेता दिया है कि टिकट नहीं मिला तो हम चुनाव हरवा देंगे। हालांकि यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है।

2028 में है एमपी विधानसभा चुनाव

दरअसल, मध्य प्रदेश में 2028 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। अभी से सियासी दलों ने चुनावी रणनीतियां बनानी शुरू कर दी है। साथ ही कांग्रेस नेताओं की सक्रियता जमीनी स्तर पर बढ़ गई है। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह खंडवा जिले के दौरे पर गए थे। वहां वह पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे।

हम हरवा देंगे

बातचीत के दौरान खंडवा जिले के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह कहते हैं कि फोटो-वोटो खींच ले भाई। जयवर्धन सिंह को राजनारायण सिंह कहते हैं कि हम तो आपको बोलके जा रहे हैं या तो आप टिकट दे देना, नहीं तो हम फिर से कांग्रेस को चुनाव हरवा देंगे। यह सुनकर जयवर्धन सिंह भी हंसने लगते हैं। राजनारायण सिंह कहते हैं कि यह तय है।

समर्थक भी हंसते हैं…

मौके पर पूर्व विधायक राजनारायण सिंह के समर्थक भी मौजूद थे। उनकी बातों को सुनकर वे लोग भी हंसते हैं। साथ ही भीड़ से आवाज आती है कि यह सही बोल रहे हैं।

पुराना बताया जा रहा है वीडियो

हालांकि यह वीडियो कब का है, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो बहुत पुराना है, जिसे अब वायरल किया जा रहा है।

कौन हैं जयवर्धन सिंह

गौरतलब है कि जयवर्धन सिंह पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे हैं। वह कमलनाथ की सरकार में मंत्री भी रहे हैं। अभी राघौगढ़ से विधायक हैं। उनकी छवि एक शालीन नेता की है। पार्टी के अंदर वह सौम्यता के साथ काम करते रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here