वॉशिंगटन: अमेरिकी स्टेट नेब्रास्का के साउथ सियूक्स सिटी में प्लास्टिक बैग से सड़क बनाई गई है। बीते साल पूरे हुए इस प्रोजेक्ट में सियूक्सलैंड फ्रीडम पार्क के पास फाउंड्री रोड के 4,000 फीट हिस्से पर डामर की ऊपरी तीन इंच की परत में 20 लाख कटे-फटे बैग मिलाए गए हैं। सड़क में प्लास्टिक इस्तेमाल के इस विचार के पीछे यूनिवर्सिटी ऑफ नेब्रास्का-लिंकन की प्रोफेसर जैमिला टेक्सीरा का दिमाग है। उन्होंने रिसर्च किया कि डामर में बेकार प्लास्टिक का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। उन्होंने इस पर काम किया कि मिश्रण दरार पड़ने, गड्ढे बनने और नमी होने पर कैसे काम करता है। इस विचार को साउथ सियूक्स सिटी ने एक असली सड़क प्रोजेक्ट में बदल दिया।
प्लास्टिक के इस्तेमाल से बनी इस सड़क को फिलहाल एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है, ना कि इसे कोई अंतिम समाधान माना गया है। नेब्रास्का का बदलता तापमान और खराब मौसम इस नए मिश्रण के लिए परीक्षा होगी। इंजीनियरों को यह देखने के लिए समय चाहिए होगा कि असली ट्रैफिक और मौसम की स्थितियों में सड़क कैसी रहती है।





































