9 घंटे लेट हुई स्पेशल ट्रेन, 7 कोचों में पंखे-लाइट बंद, उपभोक्ता फोरम ने रेलवे और IRCTC पर ठोका ₹52000 का जुर्माना

0

Consumer Court Fined Railway: जबलपुर जिला उपभोक्ता फोरम ने तीर्थयात्रा के लिए बुक की गई स्पेशल ट्रेन में अव्यवस्था और 9 घंटे की देरी पर रेलवे व आईआरसीटीसी को 52 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। यात्रा के दौरान सात कोचों के पंखे और लाइट बंद रहे थे। फोरम ने इसे सेवा में कमी माना।

जबलपुर: लाखों रुपये खर्च कर स्पेशल ट्रेन बुक करने के बावजूद अव्यवस्था और देरी झेलने वाले तीर्थयात्रियों के पक्ष में जबलपुर जिला उपभोक्ता फोरम ने बड़ा फैसला सुनाया है। फोरम ने भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए दिगंबर जैन युवा महासंघ को कुल 52,000 रुपये का मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

जबलपुर से झारखंड के पारसनाथ ( सम्मेद शिखरजी ) जा रही यह स्पेशल ट्रेन न केवल 9 घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची, बल्कि पूरे सफर के दौरान इसके सात कोचों में पंखे और लाइट भी बंद रहे। फोरम के अध्यक्ष नवीन कुमार सक्सेना तथा सदस्य सुषमा पटेल और मनोज कुमार मिश्रा की पीठ ने 14 नवंबर को यह आदेश पारित किया। रेलवे और आईआरसीटीसी को यह राशि संयुक्त रूप से या अलग-अलग अदा करनी होगी।

32.88 लाख रुपये में बुक की गई थी ट्रेन

मामला अक्टूबर 2019 का है। दिगंबर जैन युवा महासंघ ने जबलपुर से पारसनाथ तीर्थयात्रा पर श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए एक स्पेशल ट्रेन बुक की थी। इसके लिए संगठन ने रेलवे को कुल 32,88,093 रुपये का भुगतान किया था, जिसमें 9 लाख रुपये की सुरक्षा राशि, टिकट शुल्क, सर्विस टैक्स और जीएसटी शामिल था।

तय कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन को 6 अक्टूबर 2019 को जबलपुर से रवाना होकर अगले दिन पारसनाथ पहुंचना था। लेकिन ट्रेन निर्धारित समय से 9 घंटे देरी से पहुंची। महासंघ ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि यात्रा के दौरान कोच संख्या S-10 से लेकर S-16 तक के पंखे और लाइट पूरी तरह बंद रहे। ट्रेन में मौजूद इलेक्ट्रीशियन द्वारा मरम्मत के प्रयास किए जाने के बावजूद खराबी ठीक नहीं हो सकी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

17 लाख का मांगा था हर्जाना, मिले 52 हजार

अव्यवस्थाओं से नाराज संगठन ने उपभोक्ता फोरम में याचिका दायर कर सेवा में कमी के लिए 17 लाख रुपये के मुआवजे और 25,000 रुपये मुकदमे के खर्च की मांग की थी। हालांकि, फोरम ने सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद 52,000 रुपये का हर्जाना तय किया, जिसका विवरण इस प्रकार है:

  • सेवा में कमी: 40,000 रुपये
  • मानसिक प्रताड़ना: 10,000 रुपये
  • मुकदमे का खर्च: 2,000 रुपये

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला

सुनवाई के दौरान फोरम ने सुप्रीम कोर्ट के साल 2021 के एक महत्वपूर्ण फैसले (नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे बनाम संजय शुक्ला) का हवाला दिया। फोरम ने स्पष्ट किया कि रेलवे तब तक ट्रेन की देरी और सेवा में कमी की जिम्मेदारी से नहीं बच सकता, जब तक कि वह यह साबित न कर दे कि देरी ऐसे कारणों से हुई जो उसके नियंत्रण से बाहर थे। इसके साथ ही, फोरम ने यात्रा के दौरान बिजली गुल होने से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए भी रेलवे को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here