मेंढक़ी के प्रेम नगर में ढूटी नहर की फाल क्षतिग्रस्त, मिट्टी कटाव से बायपास मार्ग पर मंडराया खतरा

0

मरम्मत के बावजूद चंद दिनों में टूट रही फाल,निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंढक़ी के प्रेम नगर में स्थित ढूटी नहर के घोटी एवं गर्रा माइनर की फाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। फाल से पानी के तेज बहाव के कारण आसपास की मिट्टी का लगातार कटाव हो रहा है ,जिससे नहर के किनारे गहरे गड्ढे बनने की आशंका बढ़ गई है। वहीं मिट्टी कटाव के कारण नहर के ऊपर से गुजरने वाला कच्चा बायपास मार्ग भी प्रभावित हो रहा है। इससे ग्रामीणों और किसानों के आवागमन पर खतरा मंडराने लगा है। समस्या को लेकर किसानों में नाराजगी है और उन्होंने सिंचाई विभाग से फ ाल की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।

नहर पर बालाघाट बायपास हैं मार्ग

प्राप्त जानकारी के अनुसार ढूटी बांध से निकलने वाली नहर प्रेम नगर तक पहुंचती है जहां से यह दो शाखाओं में विभाजित होकर एक गर्रा और दूसरी घोटी की ओर जाती है। इन दोनों माइनरों की फाल पानी के लगातार बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके चलते ना केवल फाल की संरचना टूट फ ूट रही है बल्कि नहर की लाइनिंग को भी नुकसान पहुंच रहा है। सबसे गंभीर स्थिति आसपास की मिट्टी के कटाव की है जिससे नहर के ऊपर बना कच्चा मार्ग भी धीरे धीरे प्रभावित हो रहा है। नहर के ऊपर बना यह कच्चा मार्ग ग्रामीणों के लिए बायपास के रूप में उपयोग किया जाता है। इसी मार्ग से किसान अपने खेतों तक पहुंचते हैं वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बालाघाट व अन्य क्षेत्र में आवागमन करते हैं। ऐसे में मिट्टी का कटाव जारी रहने से मार्ग के धंसने और दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसमें बताया जा रहा हैं की सिंचाई विभाग के द्वारा संबंधित फाल का अब तक करीब तीन बार निर्माण एवं मरम्मत कराई जा चुकी है, लेकिन हर बार कुछ ही दिनों में फाल फि र से क्षतिग्रस्त हो जाती है। बार बार निर्माण के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि औपचारिक मरम्मत करने के बजाय तकनीकी रूप से मजबूत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाना चाहिए ताकि पानी के बहाव से फाल दोबारा क्षतिग्रस्त ना हो और मिट्टी कटाव पर रोक लग सके। किसानों ने सिंचाई विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त फाल का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। साथ ही नहर की क्षतिग्रस्त लाइनिंग को दुरुस्त करने और आसपास हो रहे मिट्टी कटाव को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जाएं। इसके अलावा नहर की समुचित साफ. सफाई कर अंदर जमा गाद निकाली जाए ताकि कुलापों का सुचारू संचालन हो सके और किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंच सके।

विभाग वाले सीमेंट और गिट्टी लाकर यहां थोप देते है-देवाराम गौतम

किसान देवाराम गौतम ने बताया कि नहर की फाल में पानी गिरता है तो लहर खलारती है जिससे मिट्टी का कटाव हो रहा है। लाइनिंग कार्य जो है वह भी टूट रहा है जबकि करीब तीन बार इसे बनाया जा चुका है फि र भी टूट जाता है। विभाग वाले सीमेंट और गिट्टी लाकर यहां पर थोप देते हैं फि र पानी गिरता है और कांक्रीट उखाड़ कर बह जाता है। ऐसा कटाव फिर चालू हो गया है इसमें गुणवत्ता की हमें जानकारी तो नहीं है किंतु तीन बार बन कर टूट चुका है। इसमें सरिया का उपयोग नहीं किया गया है केवल बेस लगा देते हैं इसे बेहतर बनाना चाहिए।

निर्माण के नाम पर केवल अनियमितता बरती जा रही है-छन्नूलाल राहगंडाले

किसान छन्नूलाल राहगंडाले ने बताया कि हमारे यहां एक नहर आती है जिससे दो माइनर निकल कर एक घोटी और दूसरा गर्रा की ओर जाते हैं। यहां पर जो पानी गिरता है उसे नहर की जो पार है उसका कटाव हो रहा है फाल भी पूरी तरह टूट चुकी है। यहां निर्माण के नाम पर केवल पतली परत बिछाते हैं वह बहाव सहन नहीं कर पाती है और टूट जाती है। ऊपर से लोग आना जाना करते हैं मोटरसाइकिल इस कटाव के कारण नहर में उतारने का डर है दुर्घटना होने का डर बना रहता है बालाघाट के लिए यह बायपास मार्ग है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग यहीं से आना जाना करते है,किस तरह इसे बनाते हैं यह तो पता नहीं परंतु पक्का निर्माण करना चाहिए ताकि मिट्टी का कटाव ना हो और भविष्य में दिक्कत की स्थिति ना बने।

इनका कहना हैं

दूरभाष पर बताया कि अभी हमारे समय वहां तो काम कराया नहीं गया है । किंतु यदि ऐसी स्थिति है तो मौका निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर क्षतिग्रस्त स्थान का निर्माण करने का प्रयास किया जाएगा।

कोमल गजभिये एसडीओ सिंचाई विभाग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here