सिवनी में होटल में ठहरे एक प्रेमी जोड़े को कथित तौर पर फर्जी केस में फंसाने की धमकी देने और पुलिस की वसूली का मामला सामने आया। पूर्व IPS अधिकारी विभूति नारायण राय ने कहा कि केवल निलंबन से पुलिस की कार्यप्रणाली नहीं सुधरेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए बॉडी कैम अनिवार्य करने की वकालत की है।
मॉरल पुलिसिंग
ऐसे संबंधों में गोपनीयता पहली जरूरत होती है। इसी का फायदा उठाकर कम समय के लिए मनमाना किराया वसूलने वाले होटल और लॉज हर शहर में कुकुरमुत्तों की तरह उग आए हैं। भ्रष्ट पुलिसकर्मी भी इस स्थिति का फायदा उठाते हुए मॉरल पुलिसिंग के नाम पर वसूली का रास्ता निकाल लेते हैं। सिवनी में भी ऐसा ही हुआ। होटल मालिक का आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों को रिश्वत देते-देते तंग आ चुका था। आखिरकार उसने छिपे हुए कैमरे से उनकी हरकतें रिकॉर्ड कर ली और पूरा मामला सामने आ गया।
प्रेम में मुश्किल
सिवनी के इस प्रकरण के कई निहितार्थ हैं। पहले तो हमे पुलिस की उस प्रवृत्ति को गंभीरता से देखना चाहिए जिसके तहत वह मॉरल पुलिसिंग करने का प्रयास करती है। हमारे समाज मे बहुत सारी ऐसी प्रवृत्तियां हैं, जिन्हें हमारे अंदर का पाखंड छिपाने का प्रयास करता है। प्रेम की सामाजिक अभिव्यक्ति भी एक ऐसा ही क्षेत्र है। अक्सर पार्क में प्रेमी जोड़े लफंगों की ज्यादतियों का शिकार होते हैं। इस प्रकरण मे चिंताजनक यह भी है कि कानून के रखवालों ने ही एक जोड़े को सताने की कोशिश की।
झूठ का जाल
दूसरी गंभीर चिंता की बात वह धमकी है, जो एडिशनल एसपी देता हुआ सुनाई देता है। वह अपने किसी मातहत को आदेश दे रहा है कि वह चंगुल में फंसे व्यक्ति की गाड़ी मे गांजा रख दे। उसके स्वर की निर्णायकता से साफ झलकता है कि उसके लिए दूसरों को झूठे मामलों में फंसाना सामान्य-सी बात है। इस तरह के उदाहरणों से पुलिस के एक्शन पर आमजन या अदालतों का पहले से ही कम विश्वास और भी कमजोर होता जाता है।
मीडिया रखे नजर
फिलहाल तो दोषियों को निलंबित कर दिया गया है पर अतीत के अनुभव बताते हैं कि कुछ समय बीतने के बाद इन लोगों को बहाल कर दिया जाएगा और दोषी छोटी-मोटी सजा के साथ बच निकलेंगे। ऐसा न हो सके, इसके लिए मीडिया को भी इस प्रकरण के तार्किक परिणति पर पहुंचने तक नजर रखनी चाहिए।
बॉडी कैम जरूरी हो
पश्चिम के बहुत से समाजों में पुलिस के लिए गिरफ्तारी या तलाशी जैसे मामलों में बॉडी कैम या शरीर पर बंधा कैमरा पहनना अनिवार्य है। भारत में भी थानों या हिरासत में रखने वाली अन्य जगहों पर कैमरे लगाए जाने लगे हैं, पर उनके साथ छेड़छाड़ की संभावना पूरी तरह से बनी रहती है। हाल में सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले मे कड़ी टिप्पणी भी की, जहां थाने में अवैध रूप से हिरासत में रखे जाने के दौरान कैमरा बंद रहा।
तकनीक का इस्तेमाल
सिवनी की यह घटना कैमरे से निगरानी के महत्व को रेखांकित करती है। समय आ गया है, जब बॉडी कैम को पुलिसकर्मियों की वर्दी का एक अनिवार्य हिस्सा बना दिया जाए। खास तौर से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान या किसी को हिरासत में लेते समय इसे अनिवार्य किया जाना चाहिए। यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इसके साथ छेड़छाड़ न की जा सके। यह आर्टिफिशल इंटेलिजेंस की मदद से किया जा सकता है।









































