नगर मुख्यालय में स्थित पोस्ट ऑफिस कार्यालय का १२ जुलाई की रात में जबरदस्त आकाशीय बिजली कड़कने से पुरा सिस्टम उड़ (खराब हो) चुका है जिससे बैंकिग कार्य विगत ३ दिनों से बंद है जिसके कारण बैंकिग उपभोक्ताओं को राशि जमा करने, निकालने, पासबुक एन्ट्री करवाने व स्पीड पोस्ट करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है साथ ही बैंकिंग कार्य बंद होने के कारण बैंक उपभोक्ता बैरंग वापस हो रहे है। विदित हो कि १२ जुलाई की रात में बादल गर्जन के साथ क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई थी साथ ही तेज आकाशीय बिजली कड़कने से कई घरों के बिजली उपकरण भी जले है जिससे उन्हे आर्थिक नुकसान भी हुआ है। आकाशीय बिजली कड़कने से पोस्ट ऑफिस कार्यालय के बैंक का पुरा सिस्टम उड़ (खराब हो) चुका है अगर दिन के समय बिजली कड़कने से सिस्टम उड़ता और उस समय कोई कर्मचारी सिस्टम में बैंठकर कार्य करते रहता तो दुर्घटनाएं भी घटित हो सकती थी परन्तु रात के समय उक्त हादसा घटित हुआ। जब पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी १३ जुलाई को सुबह १०.३० बजे कार्यालय पहुंचे और कम्प्यूटर सिस्टम को चालू किया तो सभी सिस्टम काम बंद कर दिये थे जिससे उन्हे अंदाजा हुआ कि रात में आकाशीय बिजली कड़कने से पूरा सिस्टम उड़ चुका है। जिसकी सूचना पोस्ट आफिस के उप डाकपाल ने उज्चाधिकारियों को दे दी गई है परन्तु ३ दिन बित जाने के बाद भी सुधार कार्य नही किया गया है जिसके कारण से ३ दिनों से बैंकिंग कार्य बंद पड़ा हुआ है और पोस्ट ऑफिस में जिन लोगों के खाते है ऐसे उपभोक्ता व जिन्हे स्पीड पोस्ट करना है उन्हे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चर्चा में पोस्ट ऑफिस के उपभोक्ताओं ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में रूपये जमा करने, निकालने, पास बुक एंट्री, स्पीड पोस्ट करने आ रहे है परन्तु विगत ३ दिनों से कोई कार्य नही हो रहा है और बताया जा रहा है कि १२ जुलाई की रात्रि में आकाशीय बिजली कड़कने से पूरा सिस्टम उड़ (खराब) हो चुका है इसलिए काम बंद है उसे जल्द सुधारने की बात कही जा रही है परन्तु तीन दिन बित जाने के बाद भी नही सुधारा गया है जिसके कारण अपने काम-धंधा छोड़कर आने वाले ग्रामीणजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैंकिग उपभोक्ताओं ने खराब हो चुके सिस्टम को जल्द सुधारने की मांग बैंक प्रशासन से की है।
खराब सिस्टम को जल्द सुधारा जाये – अंजुलता
श्रीमती अंजुलता नामदेव ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में खाता है और आज रूपये की अति आवश्यकता थी इसलिए रूपये निकालने आये थे परन्तु कहा जा रहा है कि गत दिवस आकाशीय बिजली के कड़कने से पोस्ट ऑफिस का सभी सिस्टम खराब हो चुका है इसलिए कोई कार्य नही हो रहा है ऐसी स्थिति में बिना रूपये निकाले बैरंग वापस होना पड़ रहा है मेरे ऐसे कई उपभोक्ता भी निराश होकर वापस जा रहे है। श्रीमती नामदेव ने बताया कि तीन दिनों से पोस्ट ऑफिस का सिस्टम खराब होने की बात कही जा रही है परन्तु अब तक नही सुधारा गया है जबकि पोस्ट ऑफिस में सबसे अधिक गरीब व मध्यम वर्ग के व्यक्तियों का खाता है और उन्हे किसी भी समय रूपयों की आवश्यकता पड़ जाता है परन्तु बैंक में काम नही होने के कारण रूपये निकालने, जमा करने, पासबुक एन्ट्री व स्पीड पोस्ट करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है इसलिए जो सिस्टम खराब हुआ है उसे जल्द सुधारा जाये ताकि ग्रामीण अंचलोंं से आने वाले बैंक उपभोक्ताओं का सुविधा मिल सके।
इनका कहना है।
१२ जुलाई की रात में आकाशीय बिजली के कड़कने से पोस्ट आफिस का बैंकिग का पुरा सिस्टम उड़ चुका है जिसके कारण ३ दिनों से बैंकिग कार्य बंद है साथ ही यह भी बताया कि बैंक का सिस्टम खराब हो जाने की जानकारी उज्चाधिकारियों को दे दी गई है एवं सिस्टम को सुधारने के लिए इंजीनियर लखनादौन से आने वाला है, सिस्टम बन जाने के बाद पुन: सुचारू रूप से कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा और किसी को अर्जेन्ट में स्पीड पोस्ट करना है तो वे वारासिवनी-बालाघाट जाकर कर रहे है।
रामदयाल परते
उप डाकपाल
पोस्ट ऑफिस लालबर्रा।










































