- 10 बार बिहार के सीएम रहे नीतीश कुमार ने राजभवन पहुंच कर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद रहे। इस्तीफा देने के बाद करीब छह मिनट तक दोनों की वार्ता के बाद नीतीश कुमार लोकभवन से बाहर निकले। नीतीश कुमार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। वहीं इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावात्मक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बिहार के सीएम के तौर पर अपने कार्यकाल को याद किया है।
- क्या लिखा नीतीश कुमार ने
- इस्तीफा देने के बाद अपनी पहली पोस्ट में नीतीश कुमार ने लिखा, ‘आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।
- इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।










































