करंट से ही हुई थी तेंदुए की मौत, पीएम रिपोर्ट में पुष्टि, शिकार के लिए बिछाया था बिजली का जाल

0

जंगली सुअर को मारने के लिए फैलाया था जीआई तार में करंट,
चपेट में आ गया तेंदुआ,अब तक सात आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।परसवाड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बिजली करंट की चपेट में आने से हुई तेंदुए की मौत के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी मौत की वजह स्पष्ट कर दी है। रिपोर्ट में तेंदुए की मौत बिजली करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है।वन विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जंगली सुअर का शिकार करने के इरादे से जीआई तार के जरिए बिजली करंट फैलाया था, जिसकी चपेट में आने से तेंदुए की जान चली गई। इस मामले में वन अमले ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

13 नवंबर को मिला था तेंदुआ का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को परियोजना परिक्षेत्र उकवा के सर्किल बैहर अंतर्गत बीट दक्षिण बारिया के कक्ष क्रमांक 1166 से करीब 700 मीटर दूर राजस्व क्षेत्र में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने एनटीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद उसका भस्मीकरण किया गया। वहीं मामले की तह तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

डॉग स्क्वायड पहुंचा मुख्य आरोपी के घर तक
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड की मदद से वन अमला मुख्य आरोपी नरोत्तम वट्टी (38) के घर तक पहुंचा। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बिजली करंट फैलाकर शिकार करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि जंगली सुअर के शिकार के लिए जीआई तार के माध्यम से करंट फैलाया गया था, लेकिन इसकी चपेट में तेंदुआ आ गया और उसकी मौत हो गई। पूछताछ में इस काम में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई। इसके आधार पर वन विभाग ने दीवान वल्द हंसलाल, पुरुषोत्तम वट्टी, धानेश्वर वट्टी, घंसराम वरकड़े, सुखचैन सैयाम, दोहन मरावी और राकेश बाघरेच सहित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की। प्रकरण में कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

शिकार में इस्तेमाल सामग्री भी जब्त
वन विभाग ने आरोपियों की निशानदेही पर शिकार के लिए इस्तेमाल की गई जीआई तार, बांस की खूंटियां और कांच की शीशी सहित अन्य सामग्री बरामद की है।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूर्व में भी बिजली करंट के माध्यम से वन्यजीवों का शिकार करने में संलिप्तता की बात बताई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

तेंदुए की जीभ में मिले करंट के निशान
इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट में तेंदुए की जीभ में बिजली करंट लगने के साक्ष्य मिले हैं, जिससे उसकी मौत होने की पुष्टि हुई है। वन विभाग का कहना है कि आरोपियों द्वारा जिस तरह खुले क्षेत्र में बिजली करंट फैलाया गया था, उससे वन्यजीवों के साथ-साथ इंसानों और पालतू पशुओं की जान को भी खतरा हो सकता था।ज्ञात हो कि तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-एक में शामिल संरक्षित वन्यप्राणी है। ऐसे में उसका शिकार करना गंभीर अपराध है। फिलहाल वन विभाग द्वारा पूरे मामले की विवेचना की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here