सैयद मुश्ताक अली का रोमांच जारी है। तीसरे राउंड के मुकाबले में दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास बना दिया। प्रियांश ने 181 रन की पारी खेलते हुए टी20 क्रिकेट की दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बना दिया। प्रियांश 9 रन से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए है। हालांकि, उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलिट ग्रुब-बी में दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने बल्लेबाजी से रनों की बारिश कर दी। प्रियांश ने बल्ले से कहर बरपाते हुए टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया। प्रियांश आर्य टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 181 रन बनाकर क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वह मात्र 9 रन से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए।
मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के चौथे राउंड के मुकाबले खेले जा रहे हैं। एलिट ग्रुब-बी के एक मुकाबले में दिल्ली का सामना तमिलनाडु से है। टॉस जीतकर डेली कॉलेज ग्राउंड, इंदौर पर तमिलनाडु ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को 30 के स्कोर पर पहला झटका लगा। हालांकि, कप्तान प्रियांश का बल्ला लगातार चलता रहा।
36 गेंद पर जड़ा शतक
प्रियांश ने तेज खेलते हुए 18 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। वहीं, 36 गेंद पर तूफानी शतक जड़ दिया। इसके बाद भी प्रियांश का बल्ला नहीं रुका। वह 19वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। हालांकि, तब तक तमिलनाडु के गेंदबाजों की खूब पिटाई कर चुके थे। प्रियांश ने 68 गेंद पर 7 चौके और 19 छक्कों की मदद से 181 रन बनाए। यह टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
प्रियांश आर्य ने बनाए रिकॉर्ड-
– किसी भारतीय द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत टी20 स्कोर।
– कुल मिलाकर दूसरा सर्वोच्च व्यक्तिगत टी20 स्कोर।
– T20 पारी में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के।
– किसी भारतीय द्वारा T20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के।
– कप्तान के तौर पर सर्वोच्च स्कोर।
– कप्तान के तौर पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के।
वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूके
वहीं, प्रियांश ने क्रिस गेल के 175 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। क्रिस गेल ने 23 अप्रैल 2013 को आईपीएल (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 66 गेंद में नाबाद 175 रन बनाए थे। प्रियांश वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से चूक गए। टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का विश्व रिकॉर्ड लुआन ड्रे प्रिटोरियस के नाम है। साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज प्रिटोरियस ने टी20 क्रिकेट में 79 गेंद पर नाबाद 188 रन की सबसे बड़ी पारी खेली है।
टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी-
- लुआन-ड्रे प्रिटोरियस – 188*(79)
- प्रियांश आर्य-181(68)
- क्रिस गेल- 175* (66)
दिल्ली ने बनाए 275 रन
मैच की बात करें तो दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन का स्कोर बनाया। तमिलनाडु की तरफ से चार अलग-अलग गेंदबाजों ने चार विकेट लिए। तमिलनाडु को जीत के लिए 276 रन बनाने हैं।










































