क्या रद्द हो जाएगी ट्रंप की हश मनी सजा? अमेरिकी अपील कोर्ट ने दिया नया मौका

0

अमेरिकी अपील कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हश मनी मामले में अपनी सजा को चुनौती देने का नया मौका दिया है। अदालत ने निचली संघीय अदालत को केस राज्य अदालत से संघीय अदालत में ट्रांसफर करने की याचिका पर जल्द फैसला देने को कहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हश मनी केस में अपनी आपराधिक सजा खत्म कराने की दिशा में नई कानूनी राह मिल गई है। अमेरिकी अपील अदालत ने सोमवार को ट्रंप को इस मामले को राज्य अदालत से संघीय अदालत (फेडरल कोर्ट) में ट्रांसफर कराने का एक और मौका दिया। कोर्ट ने निचली संघीय अदालत को ट्रंप की याचिका पर जल्द फैसला सुनाने का निर्देश दिया है। अगर मामला संघीय अदालत में पहुंचता है, तो ट्रंप राष्ट्रपति पद की प्रतिरक्षा (प्रेसिडेंशियल इम्युनिटी) के आधार पर अपनी सजा रद्द करने की मांग कर सकते हैं।

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, न्यूयॉर्क स्थित दूसरी अमेरिकी सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स की तीन जजों की पीठ ने मामले को एक बार फिर निचली संघीय अदालत में भेज दिया। पीठ ने अपने दो पन्नों के आदेश में कहा कि अमेरिकी जिला जज एल्विन हेलरस्टीन ने ट्रंप की याचिका खारिज करते समय गलती की थी। हेलरस्टीन ने पहले कई बार मामले को राज्य अदालत से संघीय अदालत में ले जाने की ट्रंप की मांग ठुकराई थी। हेलरस्टीन का अक्टूबर में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

क्या है हश मनी मामला?

AP के मुताबिक, हश मनी मामला एडल्ट फिल्म अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को दिए गए 1.30 लाख डॉलर के भुगतान से जुड़ा है। आरोप था कि ट्रंप ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले डेनियल्स को चुप रहने के लिए यह रकम दी थी और इस भुगतान को छिपाने के लिए कारोबारी रिकॉर्ड में हेराफेरी की थी। मई 2024 में न्यूयॉर्क की एक जूरी ने ट्रंप को कारोबारी रिकॉर्ड में हेराफेरी के सभी 34 मामलों में दोषी ठहराया था। ऐसा पहली बार हुआ था जब किसी पूर्व या मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति को आपराधिक मामले में दोषी करार दिया गया। हालांकि, ट्रंप ने इन आरोपों से इनकार किया था और उन्हें इस मामले में कोई सजा नहीं सुनाई गई थी।

ट्रंप के वकीलों ने फैसले का स्वागत किया

ट्रंप की कानूनी टीम के प्रवक्ता ने अपील अदालत के आदेश का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप इस फैसले की सराहना करते हैं। उनके वकील रॉबर्ट जिउफ्रा जूनियर ने अदालत से जल्द फैसला देने की अपील की थी। वहीं, मामले की पैरवी करने वाले मैनहट्टन जिला अटॉर्नी कार्यालय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

राष्ट्रपति की इम्युनिटी के आधार पर सजा को चुनौती देंगे ट्रंप

ट्रंप के वकीलों का तर्क है कि राष्ट्रपति और संघीय अधिकारियों को पद पर रहते हुए किए गए आधिकारिक कार्यों से जुड़े आरोपों की सुनवाई संघीय अदालत में कराने का अधिकार है। वहीं अभियोजन पक्ष का कहना है कि स्टॉर्मी डेनियल्स से जुड़ा मामला न्यूयॉर्क के राज्य कानूनों के उल्लंघन से संबंधित है और इसका राष्ट्रपति के आधिकारिक कर्तव्यों से कोई लेना-देना नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी दिया जा रहा हवाला

ट्रंप के वकीलों ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के जुलाई 2024 के फैसले का हवाला दिया है। उस फैसले में कहा गया था कि राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपति को उनके आधिकारिक कार्यों के लिए अभियोजन से छूट मिल सकती है। अब ट्रंप की कानूनी टीम इसी आधार पर हश मनी केस की दोषसिद्धि को चुनौती देने की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here