धूमधाम से मनाया गया श्री सत्य सांई बाबा का १०१ वां जन्मोत्सव

0

अस्पताल में मरीजों को फल वितरित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत मानपुर के अस्पताल कॉलोनी स्थित मनकामेश्वर शिव मंदिर प्रांगण में श्री सत्य सांई सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री सत्य सांई बाबा का १०१ वां जन्मोत्सव सप्ताह २३ नवंबर को विविध धार्मिक व सेवा कार्यों के साथ संपन्न हो गया। गत १७ नवंबर से प्रारंभ हुए इस सात दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह ५.३० बजे से ६.३० बजे तक ओमकारम्, सुप्रभातम् और नगर संकीर्तन हुआ। वहीं शाम ६.३० से रात ८.३० बजे तक भजन, सांई कथा, आध्यात्मिक प्रश्नोत्तरी, बाल विकास के बच्चों की प्रस्तुतियां, सांई संदेश और महामंगल आरती आयोजित की गई। वहीं समापन दिवस २३ नवंबर को प्रात: ओमकारम्, सुप्रभातम् व नगर संकीर्तन के पश्चात दोपहर १२ बजे संगठन का ध्वजारोहण किया गया। जिसके बाद समिति के सदस्य भजन गाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा पहुंचे, जहां उन्होंने वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किये। जिसके बाद रात ८ बजे से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा के खेल मैदान में बाल विकास के बच्चों द्वारा मनमोहक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। जिसमें बाल विकास के बच्चों ने एक से बढक़र धार्मिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुती दी। जिसके बाद श्री सत्य सांई बाबा का केक काटकर १०१ वां जन्मदिवस हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। तत्पश्चात महामंगल आरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस जन्मोत्सव के दौरान जमकर आतिशबाजियां भी की गई और उपस्थितजनों से कहा गया कि मानव सेवा ही माधव सेवा है का संदेश देते हुए सभी को नि:स्वार्थ सेवा और सत्कर्म करने का आव्हान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here