खेलो इंडिया राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर हासिल करने के लिए प्रदेशभर के महिला और पुरुष हॉकी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शहर के शहीद भगत सिंह एस्ट्रोटर्फ मैदान में 25 और 26 नवंबर को दो दिवसीय चयन ट्रायल मैच आयोजित किया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब एक सैकड़ा महिला-पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सभी खिलाड़ियों के बीच प्रदेश की टीम में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
दिसंबर माह में तेलंगाना में खेलो इंडिया राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। इसी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की ओर से खेलने वाली टीम के गठन के लिए बालाघाट में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई है। ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश की टीम के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय ट्रायल के दौरान खिलाड़ी मैदान पर अपने कौशल, खेल तकनीक और प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने में जुटे हैं। प्रदेश टीम में स्थान बनाने की उम्मीद के साथ महिला और पुरुष खिलाड़ी पूरे उत्साह से मैदान में उतर रहे हैं। बालाघाट के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर आयोजित इस चयन प्रक्रिया से स्थानीय खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।










































