देश की पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन जल्द शुरू करने के लिए सूरत से बिलीमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबे हिस्से पर युद्धस्तर पर काम जारी है
Surat bullet train station: देश में पहली बुलेट ट्रेन के संचालन की दिशा में एक और बड़ा पड़ाव पार हो गया है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के सबसे अहम स्टेशनों में से एक सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने स्टेशन की नई तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें भव्य स्टेशन का लगभग तैयार हो चुका स्वरूप साफ नजर आ रहा है।
फिनिशिंग और आधुनिक सुविधाओं पर चल रहा काम
NHSRCL द्वारा जारी तस्वीरों के मुताबिक, सूरत स्टेशन का मुख्य ढांचा तैयार होने के बाद अब फिनिशिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। स्टेशन के भीतर एयर कंडीशनिंग (AC), लाइटिंग और यात्रियों की सहूलियत से जुड़ी अन्य आधुनिक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
देश की पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन जल्द शुरू करने के लिए सूरत से बिलीमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबे हिस्से पर युद्धस्तर पर काम जारी है।
- सूरत से बिलीमोरा के बीच ट्रैक पर इलेक्ट्रिफिकेशन (विद्युतीकरण) का काम पूरा कर लिया गया है।
- इस 50 किलोमीटर के रूट पर सिग्नलिंग से जुड़ा काम जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
- सभी तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद मई 2027 से सूरत और बिलीमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी है।
पहले चरण के सूरत–बिलीमोरा सेक्शन में क्या खास
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (MAHSR) कॉरिडोर कुल 508 किलोमीटर लंबा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से चालू करने की योजना बनाई गई है। इसके पहले चरण का मुख्य केंद्र गुजरात का सूरत से बिलीमोरा का हिस्सा है। पहले चरण में दक्षिण गुजरात के सूरत से बिलीमोरा (नवसारी जिला) के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबे खंड पर ट्रेन चलाई जाएगी। पूरे कॉरिडोर में यह सबसे पहले बनकर तैयार होने वाला हिस्सा है।
इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा
सूरत-बिलीमोरा रूट पर ट्रैक और इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है। जनवरी 2027 तक सिग्नलिंग का काम पूरा करने और मई 2027 से इस हिस्से पर ट्रायल रन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से गुजरात के बाकी हिस्से (वापी से साबरमती) और फिर पूरे महाराष्ट्र-गुजरात रूट को जोड़ा जाएगा।
रफ्तार और तकनीक
इस कॉरिडोर पर जापान की शिंकानसेन (Shinkansen) तकनीक पर आधारित बुलेट ट्रेनें चलेंगी, जिनकी अधिकतम परिचालन गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इतनी तेज रफ्तार के कारण सूरत से बिलीमोरा की 50 किमी की दूरी 15 मिनट के आसपास तय हो सकेगी।










































