सुप्रीम कोर्ट ने साल 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश रचने के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी है और दिल्ली पुलिस को नोटिस दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने आज यानी बुधवार 25 नवंबर को हुई सुनवाई के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। इसी से साथ अदालत ने दिल्ली दंगों के कथित बड़े षड्यंत्र के मामले में आरोपियों की जमानत याचिका को लेकर दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है।
बता दें कि यह दोनों साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के मामले में बड़ी साजिश रचने के आरोपी हैं। दोनों आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच गठित की जाएगी। कोर्ट ने दोनों की अंतरिम जमानत पर आज विचार करने से इनकार कर दिया। CJI सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने कहा कि अंतरिम राहत पर फैसला लेने से पहले दिल्ली पुलिस का जवाब सुनना जरूरी है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने उमर खालिद की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने शरजील इमाम की ओर से अंतरिम जमानत की मांग की। इस पर कोर्ट ने कहा, ‘आज नहीं, पहले राज्य का जवाब आने दीजिए।’
तीन जजों की बेंच करेगी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई
CJI सूर्यकांत ने कहा कि मामले की सुनवाई के लिए तीन जजों की बेंच गठित की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को CJI के समक्ष प्रशासनिक स्तर पर रखने का निर्देश दिया है।
यह कदम UAPA के तहत जमानत के मुद्दे पर पहले के फैसलों में कथित विरोधाभास को लेकर 22 मई को तस्लीम अहमद मामले में दिए गए संदर्भ आदेश के मद्देनजर उठाया गया है। इस संदर्भ में लंबी हिरासत और ट्रायल में देरी को जमानत का आधार मानने वाले K.A. नजीब फैसले और उमर खालिद-शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करने वाले गुलफिशा फातिमा मामले के फैसले पर विचार किया जाना है।
दिल्ली हाईकोर्ट खारिज कर चुका है जमानत याचिका
उमर खालिद और शरजील इमाम ने दिल्ली हाईकोर्ट के 30 सितंबर 2026 के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं।
ये भी पढ़ें – दिल्ली में 10 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानें देशभर के मौसम का हाल
दोनों ने ट्रायल में देरी और लंबे समय से जेल में रहने को जमानत का आधार बताया है। उनका कहना है कि संरक्षित गवाहों की गवाही जनवरी 2027 तक पूरी होने की संभावना नहीं है और ऐसे में लगातार हिरासत में रखना उचित नहीं है।
जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने जमानत से किया था इनकार
5 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश की तारीख से एक साल पूरा होने पर, जो पहले हो, दोबारा जमानत के लिए आवेदन करने की अनुमति दी थी।
ये भी पढ़ें – 5 पाकिस्तानी आतंकियों की जमीन जब्त करेगी जम्मू-कश्मीर पुलिस, कार्रवाई शुरू
इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पांच अन्य आरोपियों को जमानत दी थी। अब उमर खालिद और शरजील इमाम ने नई परिस्थितियों और लंबी हिरासत का हवाला देते हुए फिर से जमानत की मांग की है।










































