दूसरे दिन भी भक्तिभाव के साथ विघ्नहर्ता लंबोदर महाराज को दी गई विदाई

0

शोभायात्रा निकालकर तालाब, नदी एवं नहरों में प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में आस्थापूर्वक एवं भक्तिभाव के साथ गणेशोत्सव पर्व मनाया गया। वहीं पर्व के दूसरे दिन शनिवार को भी लंबोदर महाराज भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करने का दौर जारी है। इस अवसर पर सार्वजनिक समिति एवं घरों में विराजित भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं की डीजे व बैडबाजों की धून के साथ शोभायात्रा निकालकर नगर एवं ग्राम का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान भक्तजनों के द्वारा जमकर नृत्य एवं रंग-गुलाल उड़ाते हुए गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ सहित अन्य नारे लगाते हुए तालाब, नदी, ढूटी वीयर वैनगंगा बड़ी नहर एवं पोटियापाट धाम विसर्जन स्थल पहुंचे तत्पश्चात आरती कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया और यह विसर्जन का दौर शनिवार को भी देरशाम तक जारी रहा। इसी तरह नगर मुख्यालय स्थित थाने में विराजित भगवान श्रीगणेश एवं बम्हनी के सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के द्वारा भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए डीजे की धुन पर शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारी एवं भक्तजनों के द्वारा फिल्मी एवं भक्ति गीतों की धुन पर जमकर थिरके और यह शोभायात्रा ग्राम का भ्रमण करते हुए वैनगंगा नदी स्थित पोटियापाट धाम पहुंची। जहां विसर्जन के पहले भक्तजनों के द्वारा विधि-विधान से भगवान श्रीगणेश की आरती के बाद गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया तत्पश्चात प्रसादी का वितरण किया गया। इस तरह से क्षेत्र में दो दिनों तक भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन का दौर देरशाम तक जारी रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here