नमक की शिकायत की तो अगली बार खाने से नमक ही गायब हो गया। बड़वानी के सरकारी बालिका छात्रावास में पानी, भोजन और सुरक्षा की अव्यवस्थाओं से परेशान 150 छात्राएं सड़क पर उतर आईं और पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं।बड़वानी: शासकीय संयुक्त बालिका छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को छात्राओं का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। करीब 150 छात्राएं पानी, भोजन, सफाई और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें लेकर पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।छात्राओं ने सबसे ज्यादा परेशानी पानी की बताई। उनके अनुसार बोरवेल और नलों से पूरे दिन में करीब एक घंटे ही पानी मिल पाता है। 150 छात्राओं के लिए यह पानी पीने और दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।
शिकायत की तो खाने में नमक ही गायब
भोजन को लेकर छात्राओं ने ऐसी स्थिति बताई, जिसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। उनका कहना है कि एक दिन सब्जी में नमक ज्यादा होने की शिकायत की गई थी। आरोप है कि अगले दिन रसोइयों ने भोजन में बिल्कुल नमक नहीं डाला।
छात्राओं ने भोजन के निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं होने का भी आरोप लगाया। उनका दावा है कि हरी सब्जियों में कई बार कीड़े मिलने के बाद उन्हें मेन्यू से ही हटा दिया गया। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।उन्होंने यह भी दावा किया कि सिकल सेल बीमारी से पीड़ित दो छात्राओं को भोजन की खराब गुणवत्ता के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कूलर-गीजर से लेकर सैनिटरी पैड मशीन तक खराब
छात्राओं के मुताबिक छात्रावास में पानी का कूलर, गीजर और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी खराब हैं। परिसर में जगह-जगह कचरा जमा होने और आए दिन सांप घुसने की शिकायत भी छात्राओं ने की। छात्राओं का कहना है कि इससे उनकी रोजमर्रा की परेशानी के साथ सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है।अधिकारी बोलीं, पानी के लिए टैंकर लगाएंगे
छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रंजना सिंह उनसे मिलने पहुंचीं। उन्होंने समस्याओं पर चर्चा कर जल्द निराकरण का भरोसा दिया।
सहायक आयुक्त के अनुसार छात्रावास भवन का निर्माण 2023 में हुआ था, जबकि छात्राओं का रहना 2025 से शुरू हुआ। भवन में निर्माण संबंधी कुछ कमियां सामने आई हैं, जिनके निराकरण के लिए PIU को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बोरवेल से करीब एक घंटे ही पानी मिल रहा है। नगर पालिका की पाइप लाइन से पानी उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किया गया है। तब तक टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।ट्रेंचिंग ग्राउंड के कारण सांपों की समस्या
अधिकारी के मुताबिक छात्रावास के पास ट्रेंचिंग ग्राउंड होने से कचरे और सांपों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने इसे तत्काल खत्म करना संभव नहीं बताया।
- छात्राओं ने पानी, भोजन, सफाई और सुरक्षा की शिकायतें रखीं
- प्रशासन ने फिलहाल टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की बात कही
- भवन की निर्माण संबंधी कमियों के लिए PIU को पत्र भेजा जाएगा
छात्राओं ने गाड़ी लेने से किया इनकार, पैदल छात्रावास लौटीं
प्रशासन की ओर से छात्राओं को छात्रावास वापस पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध कराया गया था, लेकिन छात्राओं ने वाहन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद वे पैदल ही छात्रावास वापस चली गईं।










































