वैश्विक स्तर पर हो रहे बड़े सुरक्षा बदलावों के बीच भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इन दिनों बर्लिन के दौरे पर हैं। 21 अप्रैल को राजनाथ सिंह जब जर्मन वायुसेना के विशेष विमान द्वारा म्यूनिख से बर्लिन पहुंचे तो उनके विशेष विमान को लड़ाकू विमानों द्वारा एस्कॉर्ट किया गया। जर्मन लड़ाकू विमानों द्वारा एस्कॉर्ट दिया जाना ही इस यात्रा के सामरिक महत्व को दर्शाता है। बर्लिन पहुंचने पर रक्षा मंत्री को औपचारिक सैन्य सम्मान प्रदान किया गया।
22 अप्रैल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने जर्मनी के कील शहर में टीकेएमएस के सबमरीन बनाने वाले प्लांट का दौरा किया। वहां उन्हें आधुनिक नौसेना तकनीकों और क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। बुधवार को ही उन्होंने जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से महत्वपूर्ण मुलाकात की। यह बैठक उनकी तीन दिवसीय जर्मनी यात्रा का अहम हिस्सा रही, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है।










































