पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू पटेल के बगीचे में छिपाकर रखी ५० ट्रॉली अवैध रेत ज़ब्त

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में १ जून को वारासिवनी जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत महदोली में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी छापामार कार्यवाही को अंजाम दिया। टीम ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्ञानप्रकाश उर्फ पप्पू पटेल के आम के बगीचे से भारी मात्रा में अवैध रेत का डंप बरामद कर उसे ज़ब्त कर लिया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई संयुक्त कार्यवाही

प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार शिकायत मिल रही थी कि महदोली ग्राम में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम में नायब तहसीलदार सुरेश उपाध्याय और खनिज निरीक्षक सुरेश कुलस्ते सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे। संयुक्त टीम जब जांच के लिए ग्राम महदोली में चंदन नदी के किनारे पहुंची तो वहां स्थित एक आम के बगीचे में रेत का विशाल डंप दिखाई दिया। जांच में पता चला कि यह बगीचा पूर्व जिला पंचायत सदस्य ज्ञान प्रकाश उर्फ पप्पू पटेल का है। कार्यवाही से बचने के लिए रेत के इस अवैध स्टॉक को चालाकी से पैरा की चादर से ढककर छिपाया गया था। जब अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से रेत भंडारण से संबंधित वैध अनुमति, रॉयल्टी या अन्य दस्तावेज़ मांगे तो कोई भी वैध कागज़ात पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासन ने इसे पूरी तरह अवैध मानकर ज़ब्ती की कार्यवाही शुरू की।

५० ट्रॉली रेत की करीब १८७५० की हैं रॉयल्टी

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मापक फ ीते के माध्यम से पूरे क्षेत्रफ ल की पैमाइश की। नापजोख के आधार पर अधिकारियों ने संभावना जताई है कि वहां करीब ५० ट्रॉली रेत डंप की गई थी। इस ज़ब्त की गई रेत की अनुमानित रॉयल्टी कीमत १८७५० रुपये से अधिक बताई जा रही है। खनिज अधिकारी के द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर पूरे डंप को ज़ब्त कर लिया गया है। वर्तमान में क्षेत्र में रेत घाटों का टेंडर नहीं हुआ है जिसके कारण नियमित रेत का उत्खनन पूरी तरह से बंद है। लेकिन टेंडर बंद होने का फ ायदा उठाकर कई स्थानों पर नदी का सीना चीरकर अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। इसी को रोकने के लिए माइनिंग और पुलिस विभाग अब संयुक्त रूप से मोर्चा संभाले हुए है।

पप्पू पटेल की भुमि पर रेत का डंप पाया गया मामले में प्रकरण तैयार किया जा रहा है-सुरेश उपाध्याय

नायाब तहसीलदार सुरेश उपाध्याय ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश अनुसार अवैध रेत पर कार्यवाही करने के लिए हम मेंहदोली गए हुए थे। जहां बगीचे में हमें अवैध रेत का एक बड़ा डंप मिला जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। जहां करीब ५० ट्राली रेट थी ऊपर पूरा पैरा बिछाकर उसे छुपा दिया गया था। यह कार्यवाही वरिष्ठ अधिकारियों को मिली शिकायत पर की गई है। यह बगीचे में मिले रेत के डंप को जप्त कर लिया गया है यह भूमि ज्ञान प्रकाश उर्फ पप्पू पटेल की है मामले में प्रकरण तैयार किया जा रहा है।

पप्पू पटेल के खिलाफ खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जायेगा-सुरेश कुलस्ते

खनिज निरीक्षक सुरेश कुलस्ते ने बताया कि हमारे द्वारा मेहदोली ग्राम पंचायत में अवैध रेत डंप जप्त करने की कार्यवाही की गई है। मौके पर पंचनामा बना लिया गया है ज्ञानप्रकाश पटेल के खिलाफ खनिज अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्यवाही के दौरान क्षेत्र के पटवारी पुलिस बल और अन्य विभागों के कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here