अशोकनगर जिला अस्पताल में चूहों का आतंक, सिविल सर्जन ऑफिस और ट्रामा सेंटर में बनाई सुरंग, कई जगहों पर फर्श धंसका

0

Ashoknagar News: अशोकनगर जिला अस्पताल में चूहों का आतंक बढ़ता जा रहा है। चूहों की वजह से कई जगहों पर पक्के निर्माण धंसक रहे हैं। साथ ही चूहों की धमाचौकड़ी से कर्मचारी और मरीज दोनों परेशान हैं। कैंटीन में फ्रीज की वायरिंग भी कुतर दी है।

अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर में जिला अस्पताल चूहों के आतंक की चपेट में है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि चूहे न केवल अस्पताल की बिल्डिंग के भीतर उत्पात मचा रहे हैं, बल्कि बाहर से प्रांगण और भवनों की नींव को खोखला करने में जुटे हैं।

कई जगहों पर फर्श धंसने लगा

परिसर में सैकड़ों की संख्या में चूहों ने गहरे बिल बना दिए हैं। इसकी वजह से बिजली के खंभों के आसपास मुख्य परिसर में फर्श धंसने लगा है। देखने में यह सामान्य घटना जरूर लग रही है लेकिन हकीकत में यह चूहों द्वारा बिछाए गए सुरंगों के जाल का नतीजा है, जिसने अस्पताल के भवनों को बड़ा खतरा पैदा कर दिया है।

ट्रामा सेंटर के आसपास स्थिति ज्यादा खराब

अब चूहों ने अस्पताल के स्टाफ और प्रबंधन को परेशान कर दिया है। ट्रामा सेंटर के पास स्थिति ज्यादा खराब है। ट्रामा सेंटर के सामने मरीजों और अटेंडरों के बैठने और खाना खाने के लिए जो बेंच की व्यवस्था की गई थी, वहां चूहों ने दर्जनों बिल बना दिए हैं। जमीन अंदर से खोखली होने से पेवर्स ब्लॉक धंसक गए हैं। इतना ही नहीं, परिसर की सीसी को खोदकर गहरे बिल बना डाले

वहीं, ट्रामा बिल्डिंग के साइड वाले हिस्से में लोगों की आवाजाही कम रहती है, वहां चूहों ने बिल्डिंग के ठीक नीचे की जमीन को खोखला कर दिया है। ऐस में अस्पताल प्रबंधन के सामने चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं।

प्रबंधन के उपाय हैं बेअसर

अस्पताल प्रबंधन ने इस मुसीबत से निपटने कई बार प्रयास किए लेकिन हर कोशिश नाकाम ही रही। पहले अस्पताल में चूहे पकड़ने के जाल लगवाए और चूहों को पकड़कर बाहर फिंकवाया। टीम बुलाकर जगह-जगह दवा भी रखवाई गईं, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो गए।चूहों का यह आतंक केवल बाहरी परिसर तक सीमित नहीं है। सिविल सर्जन कार्यालय के भीतर भी चूहों ने बाहर से सुरंग खोदकर अंदर तक बिल बना लिया है। कैंटीन के फ्रिज की वायरिंग को भी कुतर दिया। इसके अलावा अस्पताल के अन्य दफ्तरों में भी चूहों की धमाचौकड़ी से कर्मचारी और मरीज दोनों परेशान हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here