इस्लामाबाद: इमरान की बहन अलीमा खान ने पाकिस्तान में भी जेन ज़ी आंदोलन का आह्वान किया है। उन्होंने पाकिस्तानी बच्चों के सामने भारत का उदाहरण दिया है और कहा कि भारत में बच्चों के प्रदर्शन के बाद मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा लेकिन यहां इतनी ज्यादा बेशर्मी है कि कोई इस्तीफा नहीं देता। अलीमा खान ने कहा ‘हिंदुस्तान में देखें कैसे निकले हैं बच्चे, आपके हमसाया मुल्कों में कैसे निकले हैं, उन्होंने अपना हक मांगा है और मोदी को उन बच्चों का हक देना पड़ा है।’
इमरान खान की बहन ने एक रैली में आगे कहा ‘भारत में बच्चे खड़े हो गये और अपना हक मांगने लगे। उनपर भी लाठी चार्ज हुआ लेकिन उन्होंने माफी मांगी कि हमें नहीं मारना चाहिए था। उनके मंत्री ने इस्तीफा दिया। यहां बेशर्म इस्तीफा भी नहीं देता। यहां चोरी से सरकार बनाई गई है। इमरान खान एक साल जो कह रहे थे वो पाकिस्तान में सच साबित हो रहे हैं।’ आपको बता दें कि इमरान खान को शहबाज शरीफ की सरकार ने जेल में बंद कर रखा है और उनकी बहन अब पाकिस्तान में अलग अलग जगहों पर कार्यक्रम कर रही हैं।










































