मांडू में तेंदुए के हमले से 10 साल का बालक जख्मी

0

नगर के 10 साल के मासूम पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जख्मी हालत में बालक को इलाज के लिए धार रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और तात्कालिक सहायता उपलब्ध करवाकर बालक को इलाज के लिए आगे सहायता देने की बात कही है। तेंदुए ने बालक के सिर पर पंजे से वार किए हैं। इसके कारण बालक को सिर में चोट आई है। फिलहाल बालक की स्थिति ठीक है।

मांडू के वार्ड क्रमांक 10 में रहने वाला 10 वर्षीय लोकेश पुत्र मुन्ना अपने कुछ दोस्तों के साथ मीरा बाई जीरात क्षेत्र में सुबह 11:30 बजे के लगभग बकरियां चरा रहा था। इस दौरान वहां तेंदुआ पहुंच गया। जब बच्चों ने तेंदुए को देखा, तो वे घबराए और भागने लगे। लोकेश पर तेंदुए ने हमला कर दिया और सिर पर पंजा मार कर उसे घायल कर दिया।

लोकेश के मित्र विशाल और अन्य बच्चे वहां से भागे। लोकेश पर हमला होता देखने के बाद भी बच्चों ने हिम्मत रखी। दूर से ही वे तेंदुए को पत्थर मारकर भगाने लगे। बच्चों ने हल्ला कर लोगों को बुलाने का प्रयास भी किया। इस पर तेंदुआ लोकेश को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।

बच्चों की आवाज सुनकर कुछ लोग वहां पहुंचे। वन विभाग को सूचना देने के बाद घायल लोकेश को मांडू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद लोकेश को धार जिला भोज चिकित्सालय भेज दिया गया। बालक के सिर पर तेंदुए के पंजे के कारण चोट आई है। जबकि चेहरे पर भी निशान देखने को मिले हैं।

विभाग का कहना है कि जिस स्थान पर तेंदुए ने हमला किया, वह स्थान प्लांटेशन के अंदर अर्थात वन विभाग का जंगली क्षेत्र है। जबकि लोकेश के स्वजन का कहना है कि तेंदुए के हमले वाला स्थान जंगल क्षेत्र में नहीं आता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here