ताला तोडक़र ८ तोला सोना और १.३० लाख रूपये नगदी पार, जांच में जुटी पुलिस
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर में अज्ञात चोरों के बुलंद हौसलों और लगातार हो रही सेंधमारी की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल है। ताज़ा मामला वारासिवनी के वार्ड नंबर १ मिश्रा नगर स्थित लाल किवाड़ी सडक़ का है। जहाँ मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात बेखौफ चोरों ने डॉक्टर युगेन्द्र रहाँगडाले के क्लीनिक को अपना निशाना बनाया। चोरों ने क्लीनिक के शटर का ताला तोडक़र अंदर रखे करीब ८ तोला सोने के जेवरात, चांदी के सामान और १ लाख ३० हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात में पीडि़त को कुल १२ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
चोरी की घटना सून क्लीनिक के ड्रॉज में रखे थे जेवर और कैश
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ.युगेन्द्र रहाँगडाले का घर और क्लीनिक एक ही परिसर में स्थित हैं। सामने की दुकान में वे अपना अस्पताल संचालित करते हैं और पीछे उनका निवास स्थान है। हाल ही में उन्होंने कृषि कार्य के लिए बैंक से नगदी राशि निकाली थी। साथ ही परिवार के बाहर जाने का कार्यक्रम होने के कारण उन्होंने बैंक लॉकर से सोने चांदी के गहने भी घर लाए थे। घर में चोरी होने की आशंका और डर के चलते उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से सोने चांदी के जेवरात, एफडीए चेक, पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज क्लीनिक के ड्राज में रख दिए थे। प्रतिदिन की तरह रात में वे क्लीनिक बंद कर पीछे अपने घर में सोने चले गए थे। रात भर हो रही तेज बारिश का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब डॉ.युगेन्द्र रहाँगडाले मॉर्निंग वॉक के लिए उठे। घर से बाहर निकलते ही उनकी नजऱ सडक़ पर पड़ी जहाँ क्लीनिक का टूटा हुआ ताला गिरा हुआ था और शटर थोड़ा ऊपर उठा हुआ था। आशंका होने पर जब उन्होंने शटर उठाकर अंदर देखा तो क्लीनिक का पूरा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था और सभी ड्रॉज खुले हुए थे। जांच करने पर कीमती सामान गायब मिले इसमें सोने के आभूषण लगभग ८ तोला जिसमें २ मंगलसूत्र, १ जोड़ी बाले, ५ पत्ती, जव मनी और अन्य जेवर और चांदी के सामान में चांदी की गिलास, ५ चांदी के सिक्के नगद राशि १३०००० रुपये शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर की जांच
वारदात की तुरंत जानकारी मिलने पर पीडित परिवार ने डायल ११२ को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना वारासिवनी से प्रधान आरक्षक व पुलिस बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपट्र्स की टीम को भी बुलाया गया। दोनों विशेषज्ञ टीमों ने मौका.ए.वारदात का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीडि़त डॉक्टर की शिकायत पर अज्ञात चोरों की तलाश में सघन जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग उठने लगी है।
बाइट युगेन्द्र रहागंडाले पीड़ित









































