मुरैना मर्डर केस: क्या सिर्फ एक ‘डांस वीडियो’ ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार? रवीता और बलराम के मोबाइल खोलेंगे 4 मौतों का खौफनाक राज!

0

मुरैना। जिला मुख्यालय से सटे किशनपुर गांव में हुईं तीन हत्या और एक खुदकुशी के कारणों का सही पता लगाने पुलिस जांच में जुटी है। मृतका रवीता के डांस के जिस वीडियो को पूरे परिवार के खात्मे का कारण माना जा रहा है, इससे पुलिस अफसर पूरी तरह सहमत नहीं। क्योंकि प्राथमिक पूछताछ में ऐसी कई बातें सामने आई हैं, जिनमें पता लगा कि चरित्रशंका में रवीता और बलराम के बीच दो साल से अधिक समय से विवाद चल रहा था।अहम सुराग मिलने के हैं आसार

कई बार वह रवीता को मारकर खुद मर जाने की धमकी दे चुका था। मौत के सही कारणों तक पहुंचने में वह दो मोबाइल अहम सुराग का काम करेंगे, जो घटना स्थल से पुलिस ने जब्त किए हैं। इनमें सबसे अहम रवीता कुशवाह का की-पेड मोबाइल है, जिसकी कॉल डिटेल से पुलिस को अहम सुराग मिलने के आसार हैं। बेटों को भी नहीं मानता था अपनी संतान

गौरतलब है, कि माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में 35 साल के बलराम पुत्र हरिचरण कुशवाह ने शुक्रवार-शनिवार की रात एक से दो बजे के बीच में सोती हुई पत्नी रवीता उम्र 32 साल के अलावा आठ साल के बेटे आरव व छह साल के देव कुशवाह की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी, उसके बाद बलराम ने छह किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी। बलराम रवीता के चरित्र पर इस कदर शक करता था, कि बेटों को भी अपनी संतान नहीं मानता था।

सदमे में हैं बलराम की मां रामकली

उसका यह गुस्सा पत्नी व बच्चों की हत्या में भी दिखा। फोरेंसिक एक्सपर्ट की प्राथमिक जांच में आया है कि बलराम ने रवीता पर कुल्हाड़ी से जब तक तीन बार किए, तब तक वह जमीन पर नहीं गिर गई। गहरी नींद में सोता हुआ बड़ा बेटा आरव कुल्हाड़ी के एक बार से बच गया तो उस पर दूसरा वार किया। छोटे बेटे देव की गर्दन पर इतने जोर का प्रहार किया कि उसकी आधी गर्दन कट गई। फोरेंसिक जांच में अधिक खून बहने से मौत मानी है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी कुल्हाड़ी पर बलराम की अंगुलियों के निशान पाए हैं। बेटे, बहू और दो पोतों की मौत के बाद बलराम की मां रामकली सदमे में हैं, वह किसी से बात नहीं कर रही। रविवार को उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। बलराम का बड़ा भाई वीरेंद्र पुणे में काम करता है, वह रविवार को किशनपुर गांव पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here