यह भारतीय कंपनी स्मार्टफोन बाजार में करने जा रही एंट्री, चाइनीज कंपनियों को मिलेगी टक्कर

0

भारतीय वियरेबल्स ब्रांड Fire-Boltt ने अब स्मार्टफोन बाजार में भी कदम रख दिया है। कंपनी ने ‘boltt’ नाम से नया मेड-इन-इंडिया स्मार्टफोन ब्रांड लॉन्च करने का ऐलान किया है। Fire-Boltt का कहना है कि यह कदम उसे केवल स्मार्टवॉच और ऑडियो डिवाइस बनाने वाली कंपनी से आगे बढ़ाकर एक व्यापक कंज्यूमर टेक्नोलॉजी ब्रांड बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

शुरुआती निवेश में लगाए 50 मिलियन डॉलर से ज्यादा

कंपनी ने बताया कि नए स्मार्टफोन कारोबार के लिए वह 50 मिलियन डॉलर (करीब 430 करोड़ रुपये) से अधिक का शुरुआती निवेश कर रही है। यह राशि प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और पूरे टेक इकोसिस्टम के विस्तार पर खर्च की जाएगी। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि बाजार की मांग के अनुसार आगे और निवेश किया जाएगा।

अगस्त में लॉन्च होंगे पहले दो स्मार्टफोन

Fire-Boltt अपने नए ब्रांड boltt के तहत शुरुआत में दो स्मार्टफोन पेश करेगी। इनमें एक 4G और दूसरा 5G मॉडल होगा। दोनों फोन 10,000 रुपये से 15,000 रुपये के बजट सेगमेंट में लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी के अनुसार, इन स्मार्टफोन्स का आधिकारिक लॉन्च अगस्त की शुरुआत में होगा, जबकि बिक्री अगस्त के मध्य से शुरू हो जाएगी। त्योहारी सीजन से पहले लॉन्च होने वाले इन डिवाइसों के जरिए कंपनी बड़ी संख्या में ग्राहकों तक पहुंचने की तैयारी में है।

Flipkart और ऑफलाइन स्टोर्स पर होगी बिक्री

boltt स्मार्टफोन्स की बिक्री Flipkart के जरिए ऑनलाइन की जाएगी। इसके अलावा कंपनी देशभर के ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स में भी इन्हें उपलब्ध कराएगी। Fire-Boltt का मानना है कि उसके मौजूदा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और मजबूत रिटेल उपस्थिति से नए ब्रांड को तेजी से बाजार में पहचान मिलेगी।

4 से 5 महीनों में 10 लाख यूनिट बेचने का लक्ष्य

कंपनी ने लॉन्च के बाद पहले चार से पांच महीनों में 5 लाख से 10 लाख स्मार्टफोन बेचने का लक्ष्य रखा है। Fire-Boltt का दावा है कि उसके पास पहले से 4 करोड़ से अधिक यूजर्स का बड़ा इकोसिस्टम मौजूद है, जिसे वह नए स्मार्टफोन बिजनेस में भी भुनाना चाहती है।

कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले बाजार में होगी एंट्री

भारत का बजट स्मार्टफोन बाजार पहले से ही काफी प्रतिस्पर्धी है। इस सेगमेंट में Xiaomi, Samsung, Vivo, Oppo और Realme जैसी कंपनियों का दबदबा है। हाल ही में घरेलू ब्रांड AI+ ने भी इस बाजार में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। ऐसे में Fire-Boltt के लिए ग्राहकों का भरोसा जीतना आसान नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here