भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान ओरछा में पूर्व मंत्री इमरती देवी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे राज्यमंत्री कृष्णा गौर को गले लगाते हुए कहती नजर आ रही हैं कि रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें। इस बातचीत के बाद सूबे की सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
निवाड़ी: मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर ओरछा में इन दिनों एक वायरल वीडियो ने सूबे की सियासत में खासी हलचल मचा दी है। मौका था भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का, जहां पार्टी के तमाम दिग्गज नेता और पदाधिकारी जुटे थे। इसी दौरान पूर्व मंत्री इमरती देवी और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा गौर के बीच हुई एक अनौपचारिक बातचीत कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल हो रहे इस वीडियो में इमरती देवी बेहद आत्मीय अंदाज में राज्यमंत्री कृष्णा गौर को गले लगाती हुई नजर आ रही हैं। गले मिलने के दौरान ही इमरती देवी ने मुस्कुराते हुए कहा कि ‘रामराजा सरकार आपको मुख्यमंत्री बना दें।’ उनकी यह बात सुनकर कृष्णा गौर भी अपनी हंसी रोक नहीं पाईं और मुस्कुराती हुई नजर आईं। हालांकि, यह कोई औपचारिक राजनीतिक बयान नहीं था, बल्कि दो महिला नेत्रियों के बीच की सहज बातचीत थी, लेकिन भाजपा नेताओं के बीच इस तरह की दुआ ने राजनीतिक गलियारों मेंचर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।










































