वन्य प्राणियों के शिकार के लिए बिछाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से महिला की मौत

0

घास काटने जंगल गई थी महिला- खेत के चारों ओर लगाए गए विद्युत तार से हुआ हादसा
बालाघाट। तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गर्रा गोसाई में वन्य प्राणियों के शिकार के उद्देश्य से खेत के चारों ओर लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से एक महिला शीला बाई पति सुखराम मर्सकोले 56 वर्ष की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर तिरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गर्रा गोसाई निवासी शीला बाई मर्सकोले 56 वर्ष अपने परिवार के साथ खेती एवं मजदूरी का कार्य करती थीं। 31 मई की सुबह लगभग 8:30 बजे वह घर के मवेशियों के लिए घास काटने गांव के नारबोद टेकरा जंगल क्षेत्र की ओर गई थीं।काफी समय बीत जाने के बाद भी जब शीला बाई घर नहीं लौटीं तो दोपहर करीब 2 बजे उनके पति सुखराम मर्सकोले उन्हें तलाश ने जंगल की ओर पहुंचे। तलाश के दौरान उन्हें खेत के पास शीला बाई मृत अवस्था में मिलीं।बताया गया है कि जिस खेत के समीप महिला का शव मिला, वहां धान की फसल लगी हुई थी। खेत के चारों ओर जीआई तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे बांधकर लगाया गया था। जिसमें विद्युत करंट प्रवाहित किया जा रहा था। घास काटने के दौरान शीला बाई का संपर्क उक्त करंटयुक्त तार से हो गया।जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना पर तिरोड़ी थाना से सहायक उपनिरीक्षक उमेश दियेवार पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटंगी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही करंटयुक्त तार लगाने वाले जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here