सीधी। सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थाना प्रभारी पर ही धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया।
हमले में सिर पर गंभीर चोट आई, डायल-112 की ली मदद
सड़क जाम हटाने के दौरान हुए इस हमले में थाना प्रभारी इंद्राज सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें डायल-112 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था
ग्राम पटपरा में शासकीय रास्ते को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन दिए गए, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया।










































